झींझक में सेंगुर नदी में मिला युवती का शव, शरीर पर नहीं थे कपड़े, हत्या की आशंका
कानपुर देहात के झींझक में सेंगुर नदी में एक युवती का शव मिला है, जिसके शरीर पर कपड़े नहीं थे और वह कई दिन पुराना लग रहा है। पुलिस ने हत्या की आशंका जत ...और पढ़ें

HighLights
युवती के शरीर पर कपड़े नहीं मिलने से रहस्य गहराया
मंगलपुर क्षेत्र के जिगनापुरवा गांव के पास नदी में मिला
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, पहचान में जुटी पुलिस
संवाद सहयोगी, झींझक(कानपुर देहात)। मंगलपुर थाना क्षेत्र के जिगनापुरवा गांव के पास सेंगुर नदी में रविवार को युवती का शव पड़ा मिला। शव मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। युवती के शव में कपड़े न मिलने से रहस्य और गहरा गया है। शव कई दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं युवती की पहचान न होने से मामला और गंभीर हो गया है।
रविवार दोपहर जसापुर गांव निवासी भानु प्रताप ने मंगलपुर थाने में सूचना देकर बताया कि पीपलकुंड के सामने सेंगुर नदी में एक युवती का शव पानी में पड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया गया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस के अनुसार युवती की उम्र लगभग 25 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही है। प्रारंभिक जांच में शव करीब चार से पांच दिन पुराना होने की संभावना है। शव की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के ग्रामीणों को बुलाया गया, लेकिन देर शाम तक युवती की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की जानकारी भी खंगालने में जुटी है।
मंगलपुर थाना प्रभारी महेश दुबे ने बताया कि युवती के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था, केवल हाथों की बाजू में कुछ कपड़ा फंसा हुआ मिला है। ऐसे में मौत के कारणों और परिस्थितियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का राजफाश हो सकेगा। फिलहाल पहचान कराने के प्रयास जारी हैं और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।
खबरें और भी
क्या नदी में बहकर आया शव या कहीं और हुई घटना
युवती का शव मिलने के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गईं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि शव संभवतः नदी की धारा के साथ कहीं पीछे से बहकर आया होगा, जबकि कुछ लोग युवती के साथ किसी अप्रिय घटना या हत्या की आशंका जता रहे हैं। शव की स्थिति और कई दिन पुराना होने के कारण लोगों के बीच अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस फिलहाल किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।