Trending

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    कानपुर देहात में सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर फैक्ट्रियों में भारी हंगामा, 500 श्रमिकों ने काम किया बंद 

    Updated: Fri, 15 May 2026 09:59 PM (IST)

    कानपुर देहात में वेतन वृद्धि की मांग को लेकर रनियां और रायपुर औद्योगिक क्षेत्र की कई फैक्ट्रियों के श्रमिकों ने काम बंद कर विरोध प्रदर्शन किया। ...और पढ़ें

    रनियां के खानचंद्रपुर रोड स्थित ट्राइडेंट आटो पाटर्स फैक्ट्री के बाहर हंगामा करते श्रमिकों को समझाते सीओ संजय सिंह

    रनियां के खानचंद्रपुर रोड स्थित ट्राइडेंट आटो पाटर्स फैक्ट्री के बाहर हंगामा करते श्रमिकों को समझाते सीओ संजय सिंह

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    संवाद सूत्र, जागरण, कानपुर देहात। वेतन वृद्धि की मांग को लेकर श्रमिकों का विरोध प्रदर्शन बंद नहीं हो रहा है। शुक्रवार
    को औद्योगिक क्षेत्र रनियां व रायपुर की तीन फैक्ट्री के श्रमिकों ने काम बंद कर गेट पर आकर हंगामा शुरू कर दिया।

    प्रबंधन ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह मांगों को लेकर अड़े रहे, जिसके बाद पुलिस व स्थानीय प्रशासन ने उन्हें समझाकर शांत कराया। वहीं प्रबंधन ने जायज मांगों को मानने का आश्वासन दिया।

    औद्योगिक क्षेत्र रनियां व जैनपुर स्थित अरविंद फुट वियर, प्राची लेदर, एस्ट्रल, कानपुर एडबिल्स, जीपीएल फैक्ट्रियों
    में पिछले एक सप्ताह में श्रमिकों ने वेतन वृद्धि की मांग को लेकर हंगामा किया था। वहीं शुक्रवार को रायपुर स्थित राकेश मसाला फैक्ट्री गेट पर श्रमिक एकत्र हो गए और हंगामा शुरू कर दिया।

    करीब 150 श्रमिकों के काम बंद कर गेट पर आने पर प्रबंधन ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह वेतन वृद्धि समेत अन्य मांगों को लेकर अड़े रहे। इस पर पुलिस व स्थानीय प्रशासन ने श्रमिकों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद अधिकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन से मांगो को लेकर वार्ता की।

    आश्वासन मिलने पर श्रमिक काम पर चले गए। राकेश मसाला के जनरल मैनेजर शिवम रस्तोगी ने बताया कि वेतन वृद्धि की मांगे पूर्व में ही मान ली गई थी। कैंटीन में खाने में रियायत श्रमिक चाहते थे, जिन्हें पूरा करने का आश्वासन मिलने पर श्रमिक लौट आए।

    खबरें और भी

    वहीं विसायकपुर स्थित वैभव एडविल के करीब 150 श्रमिकों ने वेतन वृद्धि, ओवरटाइम का दोगुना भुगतान और अन्य सुविधाओं की मांग को लेकर गेट पर हंगामा किया। प्रबंधन ने उनकी मांगे मानने का आश्वासन दिया, जिससे करीब डेढ़ घंटे बाद श्रमिक काम पर लौट आए।

    डायरेक्टर विजय गुप्ता ने बताया मंडलायुक्त के साथ हुई बैठक में तय नियम के अनुसार वेतन समेत अन्य मांगों पर सहमति बनी थी। कुछ लोगों के बरगलाने पर श्रमिकों ने कुछ देर हंगामा किया, जिस पर उन्हें समझाकर शांत करा दिया गया था और वह काम पर आ गए थे।

    वहीं खानचंद्रपुर मटियामऊ रोड स्थित ट्राइडेंट आटो पाटर्स प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री के करीब 200 श्रमिकों ने भी सुबह करीब 10 बजे हंगामा करते हुए प्रदर्शन किया। इसके साथ ही वेतन वृद्धि, शीतल पेयजल की उपलब्धता, कैंटीन, पार्किंग व बैठने के लिए छायादार स्थान बनाने की मांग रखी।

    कर्मचारियों के हंगामे की खबर पर सीओ सदर संजय सिंह, सीओ ट्रैफिक संजय गुप्ता, सहायक श्रमायुक्त रामाशीष, थानाध्यक्ष भोगनीपुर सतीश सिंह, श्रम प्रवर्तन अधिकारी पल्लवी सिंह ने श्रमिकों की मांगों को सुनकर प्रबंधन से वार्ता की, जिसके बाद प्रबंधन ने मांगे माने जाने का लिखित आश्वासन दिया।

    इससे करीब 12 बजे श्रमिक काम पर लौट गए। वहीं श्रमिकों के लगातार हो रहे प्रदर्शन पर पुलिस प्रशासन सतर्क रहा और बड़ी फैक्ट्रियों के बाहर विशेष सुरक्षा व्यवस्था भी रही। सहायक श्रमायुक्त रामाशीष ने बताया कि दोनों पक्षों में वार्ता के बाद प्रबंधन ने जायज मांगों को मानने का आश्वासन दिया, जिसके बाद श्रमिक शांत होकर काम पर लौट गए।

    यह भी पढ़ें- कानपुर देहात में कुदरत का कहर, युवती पर गिरी आसमानी बिजली, दीवार गिरने से बच्ची की भी मौत, सीएम ने मुआवजे का किया एलान