डायल 112 पर मंत्री राकेश सचान को जान से मारने की धमकी, नशे में धुत आरोपी फरार
भोगनीपुर में एक व्यक्ति ने 112 पर कॉल कर कैबिनेट मंत्री राकेश सचान को जान से मारने की धमकी दी। आरोपी राममिलन नशे में पत्नी से विवाद के बाद यह हरकत कर ...और पढ़ें

HighLights
मंत्री राकेश सचान को 112 पर जान से मारने की धमकी।
आरोपी राममिलन ने नशे में पत्नी से विवाद के बाद किया कॉल।
कानपुर देहात पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी, मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। भोगनीपुर में 112 पर काल कर कैबिनेट मंत्री राकेश सचान को जान से मारने की धमकी एक युवक ने दी। आरोपित के घर पुलिस पहुंची तो नशे में पत्नी से विवाद होने के बारे में पता चला जिस पर उसने यह फोन किया था। उसकी तलाश चल रही है।
भोगनीपुर के देवीपुर चौकी इंचार्ज अतेंद्र कुमार ने कानपुर रेउना थाना के मखौली गांव के राममिलन पर मुकदमा दर्ज कराया है।
राममिलन ने 112 पर काल करके मंत्री राकेश सचान को जान से मारने की धमकी दी थी। कंट्रोल रूम से सूचना क्षेत्र के पीआरवी वाहन के सिपाही को मिली इसके बाद थाने को जानकारी दी गई तो पुलिस सक्रिय हो गई।
नंबर से कॉलर का पता किया गया तो पुलिस गांव गई जहां वह घर पर नहीं मिला। स्वजन ने बताया कि वह शराब का लती है और सोमवार रात पत्नी से विवाद हुआ था, इसके बाद ही उसने यह हरकत की है।
नशेबाजी में आकर उसने यह किया है, वह मजदूरी करता है। मंत्री का कहना है कि मामले में कानून अपना काम करेगा। भोगनीपुर इंस्पेक्टर सतीश सिंह ने बताया कि सुराग लगा है जल्द पकड़ लिया जाएगा।