कानपुर देहात में स्कूली बस और ट्रक की भिड़ंत, चार बच्चे घायल; मंत्री दारा सिंह ने काफिला रोक एंबुलेंस बुला पहुंचाया अस्पताल
कानपुर देहात में झांसी हाईवे पर स्कूली बस और ट्रक की टक्कर में चार बच्चे घायल हो गए। कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने अपना काफिला रोककर घायलों को अस् ...और पढ़ें
-1779300387876_m.webp)
घायल बच्चे सोमिल का हाथ पकड़कर जख्म साफ करवाते कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान। ग्रामीण
HighLights
स्कूली बस और ट्रक की टक्कर में चार बच्चे घायल
मंत्री दारा सिंह चौहान ने काफिला रोककर मदद की
घायल बच्चों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया
जागरण संवाददाता, कानपुर देहात। झांसी हाईवे पर भोगनीपुर के मावर के पास स्कूली बस में ट्रक ने टक्कर मार दी, इससे दो भाइयों समेत चार बच्चे घायल हो गए। उसी समय वहां से कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान का काफिला गुजर रहा था, मंत्री उतरे और एंबुलेंस मंगाकर अपने एस्कार्ट वाहन के साथ अस्पताल सभी को भिजवाया। गनीमत रही कि बच्चों को अधिक चोट नहीं लगी। वहीं हादसे के बाद झांसी हाईवे पर करीब एक घंटे तक वाहन रेंगकर चले और गर्मी में वाहन सवार परेशान हो गए।
लालपुर के ग्रीनवैली स्कूल की बस बच्चों को लेकर उनके घर जा रही थी। मरम्मत के चलते एक ही लेन से वाहन गुजारे जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजे बस बच्चों को लेकर जा रही थी, मावर के पास बस पहुंची थी कि सामने से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। घटना के समय ट्रक की रफ्तार कम थी ऐसे में चार बच्चों को चोट आई, इनमें बरौर के हाजीपुर गांव के 10 वर्षीय सोमिल, आठ वर्षीय रोहित व उसका भाई रोहन और आठ वर्षीय सैदलीपुर की दीपांशी हैं।
बाकी पांच बच्चे और थे वह बाल बाल बच गए। टक्कर होते ही बच्चों में चीख पुकार मच गई। उसी समय कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान का काफिला वहां से गुजर रहा था। दुर्घटना देख वह रुक गए और बच्चों का हाल जाना, अधिकारियों व एंबुलेंस को बुलाया। अपने स्कार्ट वाहन व कर्मियों को एंबुलेंस के साथ भेजा, सीएचसी पुखरायां में तीनों का उपचार हुआ।
गनीमत रही कि किसी को अधिक चोट नहीं आई थी, बच्चों के अभिभावक भी वहां पहुंच गए। इधर हादसे के चलते करीब एक घंटे तक यातायात व्यवस्था बिगड़ गई और रुक रुक कर जाम लगता रहा व रेंगते हुए वाहन चले। क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाया गया व भीड़ वहां से हटी तब जाकर यातायात सामान्य हो सका।