सभा में 'बाबा रामदेव' के हमशक्ल को देख चौंक गए अखिलेश यादव, मंच पर बुलाकर कही ऐसी बात; ठहाकों से गूंज उठा मैदान
कासगंज में उर्मिला गार्डन के उद्घाटन के दौरान अखिलेश यादव ने बाबा रामदेव के हमशक्ल को मंच पर बुलाया। ...और पढ़ें

अखिलेश यादव और बाबा रामदेव के हमशक्ल संत, जिन्हें अखिलेश ने मंच पर बुलाया
HighLights
अखिलेश यादव ने कासगंज में उर्मिला गार्डन का उद्घाटन किया।
बाबा रामदेव के हमशक्ल संत को मंच पर बुलाया गया।
अखिलेश ने हमशक्ल के सोशल मीडिया प्रेम पर चुटकी ली।
जागरण संवाददाता, कासगंज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शुक्रवार को नगर के उर्मिला गार्डन का उद्घाटन करने पहुंचे थे। इस दौरान जनसभा में एक दिलचस्प और अनोखा वाकया देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद सभी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।सभा के दौरान भीड़ में योग गुरु बाबा रामदेव के हमशक्ल एक संत मौजूद थे, जो जोर-जोर से चिल्ला रहे थे।
जब अखिलेश यादव की नजर उन पर पड़ी, तो हूबहू बाबा रामदेव जैसी शक्ल देखकर वह अपनी मुस्कान नहीं रोक पाए। सपा प्रमुख ने तुरंत अपने सिक्योरिटी गार्ड्स को इशारा किया और उन संत को सम्मानपूर्वक मंच पर बुला लिया। मंच पर पहुंचते ही माहौल पूरी तरह खुशनुमा हो गया। इस दौरान अखिलेश यादव ने उन संत के हाथों से पगड़ी भी पहनी।
बाबा रामदेव के हमशक्ल संत को देख अखिलेश ने ली चुटकी
जैसे ही अखिलेश यादव ने अपना भाषण शुरू किया, उन्होंने मंच पर मौजूद बाबा रामदेव के हमशक्ल संत पर चुटकी लेते हुए तंज कसा। अखिलेश ने हंसते हुए कहा कि इनकी शक्ल देश के एक और मशहूर बाबा जी से मिलती है। लेकिन इनका झुकाव अध्यात्म की तरफ कम और सोशल मीडिया की तरफ ज्यादा है।
आजकल रील का जमाना आ गया है और हमारे ये बाबा भी रील बनाने से बिल्कुल पीछे नहीं हैं। अखिलेश यादव का यह मजाकिया अंदाज सुनते ही पूरी जनसभा ठहाकों से गूंज उठी। मंच पर मौजूद अन्य नेताओं और खुद उन संत के चेहरे पर भी मुस्कान आ गई। उर्मिला गार्डन के उद्घाटन का यह वाकया अब सोशल मीडिया पर भी खूब चर्चा बटोर रहा है।