विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल में ही हुआ कुशीनगर के अमन का दाह संस्कार, वतन की मिट्टी नहीं हुई नसीब

Published: Sun, 06 Sep 2026 03:16 PM (IST)

नेपाल में आई जल प्रलय के दौरान त्रिशूली नदी की सुरंग में फंसकर कुशीनगर के अमन गोड़ की मृत्यु हो ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. नेपाल में रोजी-रोटी की तलाश में गए अमन गोड़ की मौत।

  2. त्रिशूली नदी की सुरंग में फंसने से हुई दर्दनाक मृत्यु।

  3. शव की खराब स्थिति के कारण नेपाल में ही अंतिम संस्कार।

संवाद सूत्र, बोदरवार। नेपाल में आई जल महाप्रलय ने कप्तानगंज थाना के सुधियानी गांव के एक परिवार का चिराग बुझा दिया। रोजी-रोटी की तलाश में नेपाल गए अमन गोड़ की त्रिशूली नदी की सुरंग में फंसने से मृत्यु हो गई। विडंबना यह रही कि बेटे का अंतिम संस्कार अपने वतन की मिट्टी में करने की पिता की इच्छा भी पूरी नहीं हो सकी। शव की स्थिति खराब होने के कारण नेपाल में ही कागजी प्रक्रिया पूरी कर शुक्रवार को चितवन में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।

अमन गोड़, सुधियानी निवासी सेतभान गोड़ का छोटा बेटा था। नेपाल में हादसे के बाद से वह लापता था। शुक्रवार तड़के परिवार को नेपाल में शव मिलने की सूचना मिली तो घर में कोहराम मच गया। पिता सेतभान गोड़ और बड़ा भाई दीपक गोड़ तत्काल नेपाल रवाना हुए।

वहां रखे शवों के बीच दीपक ने अमन की बांह पर बने टैटू के आधार पर उसकी पहचान की।लंबे समय तक मिट्टी और पानी में पड़े रहने के कारण शव काफी खराब हो चुका था। पहचान की प्रक्रिया पूरी होने के बाद नेपाल सरकार की ओर से आवश्यक कागजी कार्रवाई की गई।

इसके बाद अमन के शव का चितवन में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया। परिवार के लिए सबसे बड़ी टीस यही रही कि जिस बेटे को उन्होंने जन्मभूमि की मिट्टी में अंतिम विदाई देने का सपना देखा था, उसे पड़ोसी देश में ही पंचतत्व में विलीन करना पड़ा।

यह भी पढ़ें- PM मत्स्य संपदा योजना: कुशीनगर में पांच सालों में बढ़ा 7000 टन मछली का उत्पादन, 30 हजार लोगों को रोजगार


दो परिवारों की उम्मीद अब भी बाकी
अमन के साथ नेपाल गए सुधियानी के ही डोमई राजभर का पुत्र पंकज राजभर और गिरजेश तिवारी का पुत्र अभय तिवारी अब भी लापता हैं। अमन की मौत की पुष्टि के बाद दोनों परिवारों की चिंता और बढ़ गई है। पंकज के पिता डोमई राजभर भी बेटे की तलाश में नेपाल गए हैं। वहीं अभय के स्वजन उसके सकुशल लौटने की आस लगाए बैठे हैं।

यह भी पढ़ें- कुशीनगर में घूस मांगने के आरोप में नायब तहसीलदार-लेखपाल और कानूनगो सहित 10 पर FIR