अवैध असलहा फैक्ट्री मामला: शहजाद भट्टी गैंग और पाकिस्तानी हैंडलर से संपर्कों की जांच के लिए रामपुर पहुंची ATS
बरेली में अवैध असलहा फैक्ट्री के भंडाफोड़ के बाद एटीएस रामपुर में जांच कर रही है। एजेंसी पाकिस्तानी हैंडलर अजमल गुर्जर और गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से संभावित संपर्कों की पड़ताल कर रही है।
-1765128515437_m-1795377219439_m.webp)
प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
रामपुर में अवैध असलहा फैक्ट्री मामले की एटीएस जांच जारी।
पाकिस्तानी हैंडलर अजमल गुर्जर से संभावित संबंधों की पड़ताल।
गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े तारों की तलाश।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। बरेली के बहेड़ी में खंडहर के अंदर संचालित अवैध असलहा फैक्ट्री का भंडाफोड़ होने के बाद आतंकवाद निरोधक दस्ता (एटीएस) ने रामपुर में जांच कर रही है। पाकिस्तानी हैंडलर अजमल गुर्जर और गैंगस्टर शहजाद भट्टी के नेटवर्क से संभावित संपर्कों की पड़ताल के लिए एटीएस की टीम रामपुर पहुंची। एजेंसी की जांच के दायरे में बिलासपुर निवासी जीवनदीप सिंह के संपर्क और हथियारों की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क हैं।
बहेड़ी में पुलिस और एसओजी की संयुक्त कार्रवाई में पकड़ी गई असलहा फैक्ट्री से चार आरोपित गिरफ्तार किए गए थे, जबकि दो फरार हो गए थे। गिरफ्तार आरोपितों में जीवनदीप सिंह भी शामिल था। मोबाइल फोन की जांच में पाकिस्तानी हैंडलर अजमल गुर्जर और शहजाद भट्टी के नेटवर्क से जुड़े वीडियो और चैट मिलने की बात सामने आई थी। आरोपितों के इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के जरिये हथियारों की खरीद-फरोख्त को लेकर बातचीत करने की आशंका है।
एटीएस अब जीवनदीप के रामपुर में संपर्कों और हथियारों की सप्लाई से जुड़े लोगों की जानकारी जुटा रही है। मोबाइल से डिलीट की गई व्हाट्सएप चैट रिकवर कराने की भी तैयारी है, ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और उनकी भूमिका का पता लगाया जा सके।
जांच एजेंसियों को आशंका है कि इस नेटवर्क के जरिये उत्तराखंड और नेपाल तक हथियारों की सप्लाई की जा रही थी। एजेंसी इन सभी कड़ियों की पड़ताल कर रही है।