विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर प्रदेश में त्योहारों पर कानून व्यवस्था चाक-चौबंद, सीएम योगी ने पुलिस कर्मियों के अवकाश किए निरस्त

Published: Tue, 03 Nov 2026 11:22 PM (IST)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी त्योहारों के मद्देनजर उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था की समीक्षा की, जिसके तहत शासन से लेकर ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. सभी पुलिस कर्मियों के अवकाश तत्काल प्रभाव से निरस्त।

  2. मुख्यमंत्री योगी ने कानून व्यवस्था की गहन समीक्षा की।

  3. त्योहारों पर सुरक्षा, स्वच्छता, बिजली आपूर्ति के निर्देश।

राज्य ब्यूरो, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्सव के उल्लास को उपद्रव में बदलने की साजिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि दीपावली, देव दीपावली, छठ व अन्य आगामी पर्व व त्योहार उल्लास और सामाजिक सौहार्द के प्रतीक हैं।

इन अवसरों पर प्रदेश में सुरक्षा, स्वच्छता और नागरिक सुविधाओं की व्यवस्था चाक-चौबंद की जाए। उन्होंने त्योहारों के मद्देनजर 24 घंटे बिजली की सप्लाई करने और शासन से लेकर थाना स्तर तक के सभी अधिकारियों व कर्मियों के अवकाश निरस्त करने के निर्देश दिए हैं।

'जीरो टालरेंस' नीति के तहत कठोरतम कार्रवाई के निर्देश

मंगलवार को उन्होंने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश की कानून-व्यवस्था और आगामी त्योहारों की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से कहा कि अराजक व असामाजिक तत्वों के विरुद्ध 'जीरो टालरेंस' नीति के तहत कठोरतम कार्रवाई की जाए। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर 24 घंटे पैनी नजर रखने और अफवाह फैलाकर माहौल बिगाड़ने वालों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

अयोध्या में सात नवंबर को आयोजित होने वाले दीपोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुविधा के लिए रूट डायवर्जन का प्लान पहले से तैयार कर लोगों के बीच प्रसारित करने के निर्देश भी दिए हैं।

साथ ही कहा है कि प्रमुख मंदिरों और संवेदनशील धार्मिक स्थलों पर चौबीसों घंटे पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए। धनतेरस और दीपावली को लेकर मुख्य बाजारों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास 24 घंटे पुलिस निगरानी, सघन पैदल गश्त और सीसीटीवी कैमरों की सक्रियता के उन्होंने निर्देश दिए हैं।

खुले स्थानों पर ही पटाखों की बिक्री को अनुमति

मुख्यमंत्री ने अग्निसुरक्षा के मद्देनजर पटाखों की बिक्री में विशेष सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं। कहा है कि अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि खुले स्थानों पर ही पटाखों की दुकानें खोली जाएं और अस्थायी गोदाम घनी आबादी से दूर बनाए जाएं। उन्होंने इसके लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) और लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश भी दिए।

चलाया जाएगा विशेष सफाई अभियान

मुख्यमंत्री योगी ने नगर विकास एवं पंचायती राज विभाग को मलिन बस्तियों से लेकर पाश कालोनियों तक सफाई व प्रकाश व्यवस्था का विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसों के संचालन का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि निजी बस संचालकों द्वारा मनमाना किराया वसूलने की शिकायतों पर तत्काल दंडात्मक कार्रवाई की जाए।

सार्वजनिक वितरण प्रणाली में लाई जाए पारदर्शिता

समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पूर्ण पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए। घटतौली के मामलों में उन्होंने कड़ी से कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने सेवानिवृत्त पेंशनरों के चिकित्सा प्रतिपूर्ति बिलों के लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने के भी निर्देश दिए।

आउटसोर्स कार्मिकों एवं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का मानदेय त्योहार से पूर्व दिए जाने और जिलाधिकारियों को यूरिया व डीएपी खाद की पर्याप्त उपलब्धता पर सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने खाद का कृत्रिम संकट पैदा करने, जमाखोरी व निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बिक्री करने वालों के विरुद्ध तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कार्रवाई करने को कहा है।

यह भी पढ़ें- उत्तर प्रदेश सरकार का महिलाओं और किसानों को बड़ा तोहफा, मुख्यमंत्री योगी ने की बड़े आर्थिक पैकेज की घोषणा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।