गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी मेले में जुटेंगे 30 लाख श्रद्धालु, CM योगी ने दिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश
कार्तिक पूर्णिमा पर गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी मेलों में 25-30 लाख श्रद्धालु जुटेंगे, जिसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सुरक्षा, यातायात और स्वच्छता के व्यापक इंतजामों के निर्देश दिए हैं।

HighLights
CM योगी ने सुरक्षा, स्वच्छता के व्यापक इंतजाम के निर्देश दिए।
गढ़मुक्तेश्वर मेला 'मिनी कुंभ' के रूप में आयोजित होगा।
घाटों पर पर्याप्त जल, निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा स्नान के लिए गढ़मुक्तेश्वर और तिगरी में 25 से 30 लाख श्रद्धालुओं के जुटने का अनुमान है। 17 से 26 नवंबर तक आयोजित होने वाले इन मेलों में मुख्य स्नान 24 नवंबर को होगा।
भारी भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य और स्वच्छता के व्यापक इंतजाम किए जाएंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार की रात तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने गढ़मुक्तेश्वर मेले को पश्चिमी उत्तर प्रदेश का 'मिनी कुंभ' बताते हुए इसे श्रद्धा, अनुशासन और स्वच्छता का प्रतीक बनाने को कहा।
मुख्यमंत्री ने अपने आवास पर आयोजित समीक्षा बैठक में निर्देश दिया कि घाटों पर स्नान के लिए पर्याप्त जल उपलब्ध कराया जाए और जरूरत के अनुसार नदी को चैनलाइज किया जाए। गंगा तटों पर सफाईकर्मियों की पर्याप्त तैनाती और कचरा संग्रह की व्यवस्था हो। मेले में सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा।
शुद्ध पेयजल और निर्बाध बिजली आपूर्ति भी सुनिश्चित की जाएगी। अभेद्य सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात होंगी। सीसीटीवी कैमरों, वाच टावर, रेस्क्यू बोट और पब्लिक एड्रेस सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी। फायर टेंडर अलर्ट मोड पर रहेंगे और कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय रहेगा। यातायात, पार्किंग और रूट डायवर्जन की कार्ययोजना तैयार करने के साथ परिवहन विभाग को अतिरिक्त बसें चलाने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान रील बनाने से दूर रहने के निर्देश
श्रद्धालुओं के उपचार के लिए सीएचसी स्तर के अस्थायी अस्पताल बनाए जाएंगे। इनमें पर्याप्त चिकित्साकर्मी, एंबुलेंस और चिकित्सा संसाधन उपलब्ध रहेंगे। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि मेले के कमांड एरिया में शराब व नशे की वस्तुओं की बिक्री कतई न हो और न ही आस्था के विपरीत कोई आचरण हो।
मेले में श्रीमद्भागवत कथा, रासलीला, रामलीला और भगवान शिव से जुड़े आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ लेजर व ड्रोन शो होंगे। स्थानीय कलाकारों को मंच दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इंटरनेट मीडिया पर अफवाह और दुष्प्रचार फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई तथा पुलिसकर्मियों को ड्यूटी के दौरान रील बनाने से दूर रहने के निर्देश भी दिए।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।