हॉकी विश्व कप ट्रॉफी का यूपी में जोरदार स्वागत, सीएम योगी बोले- मेजर ध्यानचंद से लेकर केडी सिंह बाबू तक ने बढ़ाया देश का गौरव
हॉकी विश्व कप ट्रॉफी का उत्तर प्रदेश में भव्य स्वागत हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेजर ध्यानचंद और केडी सिंह बाबू जैसे हॉकी के दिग्गजों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने देश का गौरव बढ़ाया। उन्होंने राज्य में खेल के विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दोहराया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ। जागरण
राज्य ब्यूरो, जागरण, लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने सरकारी आवास पर एफआईएच जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप 2025 की ट्रॉफी यात्रा का स्वागत किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की धरती हॉकी के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है। यहां के खिलाड़ियों ने न केवल भारत को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को भी खेल के प्रति प्रेरित किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक तमिलनाडु के चेन्नई में आयोजित होने जा रहे एफआईएच जूनियर पुरुष हॉकी विश्व कप में भारत सहित 24 टीमें भाग लेंगी। उन्होंने कहा कि इस ट्रॉफी का उत्तर प्रदेश आना हमारे लिए गर्व और गौरव का क्षण है। यह प्रदेश की समृद्ध खेल परंपरा और हॉकी में योगदान को रेखांकित करता है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश हॉकी के दिग्गज खिलाड़ियों की जन्मभूमि रहा है। हाकी जादूगर मेजर ध्यानचंद का जन्म इसी प्रदेश में हुआ था, जिनके नेतृत्व में भारत ने तीन बार ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीते। उनकी स्मृतियों को सजीव रखने के लिए मेरठ में एक स्पोर्ट्स कालेज की स्थापना की गई है, जहां अब प्रथम सत्र का प्रवेश शुरू हो चुका है।
उन्होंने बताया कि भारत को ओलंपिक में गौरव दिलाने वाले एक और महान खिलाड़ी केडी सिंह बाबू का भी जन्म उत्तर प्रदेश में हुआ था। सरकार ने उनके बाराबंकी स्थित पैतृक आवास को म्यूजियम के रूप में विकसित किया जा रहा है, ताकि नई पीढ़ी उन्हें जान सके और उनसे प्रेरणा ले सके।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में आज दिखेगा हॉकी विश्व कप का जोश, मुख्यमंत्री की उपस्थिति में होगा ट्रॉफी यात्रा का स्वागत
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने हमेशा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को सम्मान दिलाया है। आज भी प्रदेश के अनेक युवा खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं और ‘खेलो इंडिया’ जैसी योजनाओं के माध्यम से नई प्रतिभाएं आगे आ रही हैं। ट्राफी यात्रा का उद्देश्य देशभर के युवाओं में हॉकी के प्रति रुचि जगाना और खेल भावना को प्रोत्साहित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस यात्रा से पूरे देश में हॉकी के प्रति नई ऊर्जा और उत्साह का संचार होगा, जो भारत की खेल संस्कृति को और समृद्ध करेगा। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण मंत्री गिरीश चंद्र यादव सहित अन्य खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।