'मगध जीता अब...', बिहार में NDA की ऐतिहासिक जीत के बाद केशव मौर्य ने क्या कह दिया?
उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बिहार चुनाव में एनडीए की जीत पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने सुशासन और विकास को चुना है। मौर्य ने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि वे मगध में हारे और अब अवध में भी हारेंगे। उन्होंने 2027 में 2017 दोहराने की बात कही।

राब्यू, जागरण, लखनऊ। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बिहार विधान सभा चुनाव में एनडीए गठबंधन की ऐतिहासिक जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि भाजपा और एनडीए को बिहार की जनता का आशीर्वाद मिल गया है। बिहार की जनता ने स्पष्ट कर दिया है कि उसका भरोसा काम, सुशासन और विकसित बिहार के संकल्प पर है।
यह सफलता हर उस बिहारवासी की जीत है जिसने जंगलराज और तुष्टीकरण की राजनीति को नकारकर सुशासन और विकास को चुना है। उन्होंने एनडीए नेतृत्व को हार्दिक बधाई देते हुए बूथ से लेकर प्रदेश तक मेहनत करने वाले बिहार भाजपा के कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया।
केशव ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश मगध में हारे हैं, अब अवध में भी हारेंगे। दल जीत गया और छल हार गया है। देश कांग्रेस मुक्त भारत की ओर बढ़ रहा है। आरजेडी मुक्त बिहार और सपा मुक्त यूपी होना चाहिए। इसके बाद इंटरनेट मीडिया एक्स पर लिखा, ‘मगध जीता, अवध भी जीतेंगे। 2027 में 2017 दोहराएंगे।’

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।