यूपी में सीट बंटवारे पर रार के बीच कांग्रेस नेताओं को खरगे की नसीहत, बोले- अहंकार छोड़ें... गठबंधन में आपसी लड़ाई घातक
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन जारी रहने की घोषणा कर सीटों के बंटवारे पर चल रहे विवाद को खत्म किया। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को अहंकार छोड़कर प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी को हराने पर ध्यान केंद्रित करने की नसीहत दी।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे। जागरण
HighLights
खरगे ने कांग्रेस-सपा गठबंधन जारी रखने की घोषणा की।
कांग्रेस नेताओं को अहंकार छोड़ भाजपा को हराने की नसीहत।
भाजपा पर वोट और चंदा चोरी का आरोप लगाया।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन जारी रहने की घोषणा कर सीटों के बंटवारे को लेकर कांग्रेस और सपा नेताओं में चल रहे विवाद पर विराम लगा दिया है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं को नसीहत भी दी है कि हमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हराना है। इसलिए कोई भी नेता अहंकार न पाले बल्कि गठबंधन में तालमेल बनाकर चले। आपसी लड़ाई से हम जीत से दूर होंगे। हमें अपनों से नहीं बल्कि बाहर के दुश्मनों से लड़ना है।
गुरुवार को संविधान दिवस पर प्रदेश कांग्रेस द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि डा. भीम राव आंबेडकर को कांग्रेस ने संविधान सभा में शामिल कराया था। कांग्रेस ने बाबा साहेब द्वारा तैयार किए गए संविधान के अनुसार सभी नागरिकों को वोट का अधिकार दिलाया था, लेकिन भाजपा उसे छीन रही है।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा वोट चोरी के साथ श्रीराम के नाम पर आने वाला चंदा चोरी भी कर रही है।
कहा कि कांग्रेस और सपा का गठबंधन भाजपा को हराने के लिए हुआ है, लेकिन भाजपा और मुख्य निर्वाचन अधिकारी ज्ञानेश कुमार का गठबंधन वोट चोरी के लिए किया गया है।
'राहुल गांधी ने हर मोर्चे पर भाजपा को घेरा'
राहुल गांधी ने निडर होकर हर मोर्चे पर भाजपा को घेरा है। आज अगर भाजपा किसी से डरती है तो राहुल से। कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा कहती थी अबकी बार 400 पार, लेकिन भाजपा के अश्वमेघ यज्ञ के रथ को उत्तर प्रदेश के लोगों ने संविधान की रक्षा के लिए रोक दिया।
उन्होंने महंगाई व बेरोजगारी को लेकर कहा कि आम नागरिक परेशान है और भाजपा के खाते में 10 हजार करोड़ रुपये आ गए हैं। भाजपा ईडी और सीबीआइ का इस्तेमाल कर डकैती डाल रही है। 47 मिनट के संबोधन में कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि आज देश को डर नहीं भरोसा चाहिए, बराबरी का सम्मान चाहिए। भाजपा सरकार हमसे बहुत डरती है।
इसीलिए हमें मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी। यहां की सरकार का डबल इंजन कमजोर हो गया है। अब कांग्रेस का इंजन काम करेगा। कांग्रेसजनों को प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, बृज लाल खाबरी सहित तमाम नेताओं ने संबोधित किया।
इमरान मसूद से शुरू किया भाषण, उन्हीं पर किया समाप्त
कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने संबोधन की शुरूआत इमरान मसूद से की। कहा कि वह अपनी बात मजबूती से रखते हैं और उसके लिए लड़ते भी हैं। हमें गठबंधन में लड़ना नहीं है। अहंकार नहीं रखना है। संबोधन समाप्त करने के बाद खरगे संविधान रक्षा मार्च में शामिल हुए बिना ही पार्टी मुख्यालय से निकल गए। जबकि अन्य नेता मार्च में शामिल हुए। इमरान मसूद पतली गली के रास्ते मौके से निकल गए।
अजय राय की तारीफ की
कांग्रेस अध्यक्ष ने अपने संबोधन में तीन बार पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की तारीफ की। कहा कि राय ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को चुनाव हरा ही दिया था, लेकिन वह किसी तरह चुनाव जीत गए। राय डरने वाले नेता नहीं है।
कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने लिया हिरासत में
खरगे के जाने के बाद प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के नेतृत्व में निकाले गए ‘संविधान रक्षा मार्च’ को पुलिस ने पार्टी मुख्यालय से 100 मीटर दूरी पर ही रोक लिया। करीब आधे घंटे तक पुलिस और कांग्रेस नेताओं में धक्का-मुक्की होती रही। जिला प्रशासन की अनुमति के बिना मार्च निकालने को लेकर पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व प्रभारी सहित तमाम नेताओं को हिरासत में ले लिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।