Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लखनऊ नगर निगम का 46.92 अरब का बजट 45 मिनट में पास, जानें मुख्य बातें और छूट

    Updated: Mon, 23 Mar 2026 12:21 AM (IST)

    लखनऊ नगर निगम ने नए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 46.92 अरब रुपये का बजट बिना चर्चा के 45 मिनट में पारित कर दिया। इसमें कोई नया कर या वृद्धि नहीं है। वि ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    लखनऊ नगर निगम। जागरण

    जागरण संवाददाता, लखनऊ। नगर निगम ने नए वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 46.92 अरब रुपये के बजट को मंजूरी दी है। नगर निगम अपनी निधि से 12.56 अरब खर्च विकास पर करेगा, जबकि शासन से मिलने वाले दो सौ करोड़ से भी विकास कार्य होंगे। हंगामे और विरोध के बीच नगर निगम सदन ने बिना चर्चा ही बजट को पास कर दिया। 45 मिनट ही सदन की कार्यवाही चली।

    बजट में किसी नए कर और कर में वृद्धि का भी प्रस्ताव नहीं है। अब ई-पाश मशीन से गृहकर भी जमा हो होगा, अब तक यूजर चार्ज ही इससे जमा होता था। कल्याण मंडपों के किराए में 40 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। पुनरीक्षित बजट 2025-26 में सड़क, नाली निर्माण पर किए गए 326 करोड़ के प्रावधान को घटाते हुए नए वित्तीय वर्ष के बजट में 55 करोड़ की कटौती की गई है।

    पार्षद की संस्तुति वाली वार्ड विकास निधि को यथावत 2.10 करोड़ (जीएसटी समेत) और महापौर की निधि 20 करोड़ और नगर आयुक्त की निधि दस करोड़ होगी । निगम के भवनों के निर्माण, स्कूलों की मरम्मत पर बजट को कई गुणा बढ़ाया गया। दो करोड़ से 34 करोड़ का बजट रखा गया है। नगर निगम वेतन और पेंशन पर 9.25 अरब और अन्य आवश्यक कार्यों पर 99.30 करोड़ खर्च करेगा।

    22 फरवरी को महापौर की अध्यक्षता वाली कार्यकारिणी समिति ने नए वित्तीय वर्ष के बजट को मंजूरी दे दी थी, जिसे रविवार को सदन की बैठक में लाया। नगर निगम मुख्यालय के त्रिलोकनाथ सभागार में महापौर सुषमा खर्कवाल, कार्यकारिणी उपाध्यक्ष चरनजीत गांधी और नगर आयुक्त गौरव कुमार की मौजूदगी में बजट को पास किया गया।

    महत्वपूर्ण बिंदु

    • किसी तरह का नया कर और पुराने करों में वृद्धि नहीं की गई है। मुख्यमंत्री वैश्विक योजना से 40 आंगनबाड़ी केंद्र बनाए जाएंगे।
    • एक जून के बाद सोलर पैनल लगाने वालों को नए वित्तीय वर्ष में गृहकर में छूट दी जाएगी, जिसका प्रतिशत बाद में तय होगा।
    • डिजिटल लाइब्रेरी के साथ ही माडल वेडिंग भी बनाने के साथ ही उत्सव वाटिका बनाई जाएगी।
    • अंसल सेक्टर जी के पास पास हसनपुर खेवली गांव में 6190 वर्गफीट और लुलू माल के सामने हरिहरपुर गांव में पांच हजार वर्गफीट जमीन पर उत्सव वाटिका बनाए जाएंगे। इनका किराया बाद में तय होगा
    • सरोजनीनगर कान्हा उपवन में स्कूल का निर्माण किया जाएगा, जहां 120 परिवारों के साथ ही आसपास गांवों के बच्चों को प्रवेश दिया जाएगा।
    • नगर निगम के आठ स्कूलों के भवनों की मरम्मत के साथ ही कक्षाओं का आधुनिकीकरण और स्मार्ट क्लास चलाई जाएगी।
    • श्मशान घाटों में दीवार व उनका जीर्णोद्धार के बजट को एक करोड़ से बढ़ाकर छह किया गया
    • नगर निगम के नए भवन के निर्माण पर खर्च होने वाली लागत का 25 प्रतिशत नगर निगम देगा।
    • कूड़ा प्रबंधन पर 300 करोड़ व नालों की सफाई पर 15 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
    • सफाई की कार्यदायी संस्थाओं के बजट को 130 करोड़ से घटाकर सौ करोड़ किया गया है।
    • यातायात व्यवस्था के सुधार करने के लिए जेब्रा क्रासिंग और संकेतक पर तीन करोड़ खर्च होंगे।
    • औद्योगिकी क्षेत्र, शहरी निर्धन और अविकसित क्षेत्र के लिए बजट पांच करोड़ रखा गया है।
    • पार्कों की दीवार, मरम्मत और रंगाई पोताई व कम्पोस्ट पिट के निर्माण पर छह करोड़ खर्च होंगे।
    • नए कूड़ाघर और मूत्रालय निर्माण के लिए दो करोड़ व मूत्रालय-शौचालय की मरम्मत के लिए तीन करोड़ दिए गए।
    • स्ट्रीट लाइट पर सात करोड़ खर्च होंगे, इसके लिए सामान खरीद पर छह करोड़ खर्च होंगे।
    • अस्थाई प्रकाश व्यवस्था पर तीन करोड़, शहर के सभी 110 वार्डों में माडल वेंडिंग जोन विकसित होंगे। 15 करोड़ का बजट रखा गया है।
    • इंदिरागांधी प्रतिष्ठान के पास वेडिंग जोन का किराया पांच हजार से घटाकर तीन हजार रुपये किया गया है
    • पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण होगा।
    {F3290B4C-2D41-4FF5-9680-09CDAFFB2BB4}

    जलकल विभाग करेगा 487 करोड़ की आय
    शहर में पेयजल आपूर्ति को सुधारने के लिए बजट दिया गया। वर्ष 2026-27 के लिए जलकल विभाग की प्रस्तावित आय करीब 487 करोड़ रुपये रखी गई। पेयजल पाइपलाइन को शिफ्ट करने में 13 करोड़ खर्च होंगे। रोड कटिंग करने के बाद उसकी मरम्मत भी जलकल विभाग ही करेगा।

    अवैध कार सर्विस स्टेशनों द्वारा भूमिगत जल के दुरुपयोग को रोका जाएगा। सेटलिंग टैंक, भूमिगत जलाशय और अवर जलाशय की सफाई पर 50 लाख खर्च होगा।

    सीवेज पंम्पिंग स्टेशन की मरम्मत पर डेढ़ करोड़ का बजट रखा गया है। मैनहोल की मरम्मत पर भी चार करोड़, सबमर्सिबल पंपों की मरम्मत व रिबोरिंग 25 करोड़ और हैंडपंपों की मरम्मत पर एक करोड का खर्च आएगा।

    यह भी पढ़ें- यूपी में 'मिशन शक्ति' से बदला माहौल, दुष्कर्म की घटनाएं 33 प्रतिशत हुए कम; दोषियों को सजा दिलाने में भी अव्वल

    गृह कर और यूजर चार्ज पर छूट

    • एक अप्रैल से 30 अप्रैल: आनलाइन भुगतान पर 10 प्रतिशत, आफलाइन कैश काउंटर पर भुगतान पर आठ प्रतिशत
    • एक मई से 31 मई: आनलाइन भुगतान पर आठ प्रतिशत, आफलाइन भुगतान पर छह प्रतिशत
    • एक जून से 30 जून: आनलाइन भुगतान पर पांच प्रतिशत, आफलाइन भुगतान पर चार प्रतिशत
    • वहीं एकमुश्त यूजर चार्ज जमा करने पर 10 प्रतिशत छूट का लाभ लोगों को दिया जाएगा।

    इन्हें गृहकर व जलकर में छूट

    • पालिका अकेंद्रीयित और केंद्रीयित सेवा के नगर निगम व जलकल विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, सेवानिवृत्त, आश्रितों को नगर निगम सीमा में एक आवासीय भवन होने पर गृहकर, सीवर कर और जलकर में छूट मिलेगी।
    • परमवीर, अशोक चक्र या अन्य सैनिक, असैनिक शौर्य से सम्मानित किया गया अथवा उनकी वीर नारी और आश्रितों को भी एक मकान पर गृहकर से छूट दी जाएगी।
    • भारत रत्न, राष्ट्रपति से केवल पदक प्राप्त पुलिस कर्मियों व अधिकारियों, अर्जुन पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों, वैज्ञानिकों, स्वतंत्रता संग्राम सेनाननियों और उनके आश्रितों व राष्ट्रीय स्तर के पत्रकारों को गृहकर से छूट मिलेगी।
    • 80 से शत प्रतिशत तक दृष्टिहीन तथा दिव्यांगजन को गृहकर व जलकर में शत प्रतिशत 50 से अधिक और 80 प्रतिशत से कम दृष्टिहीन तथा दिव्यांगजन को 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी।