यूपी में 3 माह में तैयार होंगे KD सिंह बाबू और चौक स्टेडियम के नए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, प्रोजेक्ट के लिए 6.17 करोड़ मंजूर
लखनऊ के केडी सिंह बाबू और चौक स्टेडियम में खेल सुविधाओं का नवीनीकरण और नए निर्माण कार्य तीन महीने में पूरे हो जाएंगे। खेल सचिव सुहास एलवाई ने अधिकारिय ...और पढ़ें

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।
HighLights
केडी सिंह बाबू स्टेडियम में बैडमिंटन हॉल का नवीनीकरण।
चौक स्टेडियम में नया जिम और बास्केटबॉल कोर्ट बनेगा।
तीन महीने में खेल सुविधाओं का उन्नयन कार्य पूरा होगा।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। राजधानी के खिलाड़ियों को जल्द बेहतर खेल सुविधाएं मिलने जा रही हैं। केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बैडमिंटन हाल के नवीनीकरण और चौक स्टेडियम में बैडमिंटन हाल, बास्केटबाल कोर्ट के नवीनीकरण के साथ नए जिम और बास्केटबाल कोर्ट के निर्माण का काम तीन महीने में पूरा हो जाएगा।
इसके लिए सचिव खेल सुहास एलवाई ने शुक्रवार को कार्यदायी संस्था के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर काम में तेजी लाने और गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के निर्देश दिए।
केडी सिंह बाबू स्टेडियम के बैडमिंटन हाल के नवीनीकरण के लिए 13 जुलाई को एक करोड़ 85 लाख 43 हजार रुपये जारी हो चुके हैं। इस राशि से बैडमिंटन हाल का नवीनीकरण, विद्युत व्यवस्था, प्लंबिंग और अन्य जरूरी काम कराए जाएंगे। इसके अलावा चौक स्टेडियम में बैडमिंटन हाल और बास्केटबाल कोर्ट का नवीनीकरण किया जाएगा। वहीं नया जिम और नया बास्केटबाल कोर्ट भी बनाया जाएगा।
छह करोड़ 17 लाख 13 हजार रुपये की स्वीकृति
इस परियोजना के लिए छह करोड़ 17 लाख 13 हजार रुपये की स्वीकृति दी गई है। इसके तहत पहली किस्त के रूप में तीन करोड़ आठ लाख 56 हजार रुपये भी जारी किए जा रहे हैं। खेल सचिव ने अधिकारियों से कहा कि दोनों परियोजनाओं में तय समय सीमा का सख्ती से पालन किया जाए।
बैठक में यह भी कहा गया कि प्रदेश सरकार खेल अवस्थापना को आधुनिक बनाने पर लगातार काम कर रही है। स्टेडियमों में बेहतर सुविधाएं विकसित होने से खिलाड़ियों को उच्च स्तर का प्रशिक्षण और अभ्यास का बेहतर माहौल मिलेगा, जिससे वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर तैयारी कर सकेंगे।