सत्ता वापसी का दांव: गुरुवार को जारी होगा सपा का घोषणापत्र, महिलाओं-किसानों और युवाओं के लिए क्या है खास?
समाजवादी पार्टी गुरुवार को 'जन-मन का मैनिफेस्टो' जारी करेगी, जिसका लक्ष्य पीडीए समीकरण के साथ हर वर्ग को आर्थिक सुरक्षा और सम्मान देना है।

सपा प्रमुख अखिलेश यादव। फोटो-सोशल मीडिया
HighLights
सपा गुरुवार को 'जन-मन का मैनिफेस्टो' जारी करेगी।
पीडीए समीकरण को आर्थिक भरोसे में बदलने का प्रयास।
महिलाओं, किसानों, युवाओं के लिए कई बड़े वादे शामिल।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। विधानसभा चुनाव में दोबारा सत्ता हासिल करने को पसीना बहा रही समाजवादी पार्टी अपने घोषणापत्र के जरिए पीडीए समीकरण को आर्थिक भरोसे में बदलने की कोशिश करेंगी। इस समीकरण के विस्तार के साथ हर वर्ग को जोड़ने के लिए वादों का पिटारा खोला जाएगा।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव गुरुवार को यह घोषणापत्र जारी करेंगे, जिसे ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ नाम दिया है। सपा प्रत्येक जिले के लिए अलग घोषणापत्र भी तैयार रही है। इसके साथ महिलाओं के लिए अलग से घोषणापत्र बनने की भी बात कही जा रही है। इनको बाद में जारी किए जाने की संभावना है।
सपा ने वर्ष 2012 में बहुमत की सरकार बनाई थी, परंतु इसके बाद लगातार दो विधानसभा चुनाव से भाजपा के हाथों उसे पराजय का सामना करना पड़ा। हालांकि पिछले लोकसभा चुनाव में 37 सीटों पर जीत और हाल के विधान परिषद चुनाव में पांच सीटों पर जीत के बाद पार्टी का उत्साह बढ़ा हुआ है।
महापुरुषों की प्रतिमा स्थापना करने की घोषणा
वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए सपा प्रमुख द्वारा पिछले कुछ माह में 20 से अधिक वादे किए गए हैं, जिनमें स्त्री समृद्धि सम्मान योजना, महिलाओं को सालाना 40 हजार रुपये देने, गन्ना किसानों को 24 घंटे में भुगतान, आउटसोर्सिंग खत्म कर पक्की नौकरी देने, पुरानी पेंशन योजना लागू करने आदि वादे शामिल हैं। इनके अलावा गोमती रिवरफ्रंट पर बहुत से महापुरुषों की प्रतिमा स्थापना की भी घोषणा की है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक अब चुनावी घोषणापत्र सपा की रणनीति की महत्वपूर्ण कड़ी बनने जा रहा है। इसमें पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के सामाजिक समीकरण को आर्थिक सुरक्षा, रोजगार और सम्मान के सवालों से जोड़ने की कोशिश होगी।
मकसद परंपरागत मतदाता आधार को मजबूत करने के साथ महिलाओं, युवाओं, किसानों और कर्मचारियों के बीच नए भरोसे का विस्तार करना भी है। घोषणापत्र के माध्यम से अखिलेश एक तरह से भाजपा के लाभार्थी राजनीति के मुकाबले पेश करेंगे अपना कल्याणकारी माडल पेश करेंगे। सूत्रों के मुताबिक 26 नवंबर को पार्टी का केंद्रीय घोषणापत्र जारी किया जाएगा।
यह भी पढ़ें- बस्ती में कई लोगों ने थामा रालोद का दामन, प्रदेश अध्यक्ष ने संगठन में दिलाई सदस्यता
सपा ने घोषणापत्र जारी करने के लिए 26 नवंबर संविधान दिवस का चयन भी रणनीति के तहत किया है। सपा लगातार संविधान, आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दों पर भाजपा को घेरती रही है। इस तारीख को घोषणापत्र जारी कर सपा अपने नैरेटिव को और आगे बढ़ाने की कोशिश करेगी।
अब निगाहें इस पर होंगी कि पीडीए की राजनीतिक अवधारणा को सपा किन ठोस नीतियों, कल्याणकारी योजनाओं और रोजगार संबंधी वादों में बदलती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।