SSB के डिप्टी कमांडेट से भूखंड के नाम पर 41 लाख रुपये की ठगी, बिजनौर थाने में मुकदमा दर्ज
एसएसबी के डिप्टी कमांडेंट राजन कुमार से लखनऊ में भूखंड के नाम पर 41 लाख रुपये की ठगी हुई। एक निजी कंपनी ने उन्हें वृंदावन योजना में प्लॉट देने का झांस ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, लखनऊ। एसएसबी के डिप्टी कमांडेंट राजन कुमार से निजी कंपनी के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भूखंड के नाम पर 41 लाख रुपये ठग लिए। पीड़ित ने इसके लिए एलआइसी से 37 लाख रुपये का होम लोन कराया था। आरोप है कि उनके नाम से भूखंड की रजिस्ट्री भी कराई गई। बाद में पता चला कि इसी भूखंड की रजिस्ट्री एक अन्य व्यक्ति के नाम से भी की गई है। शहीद पथ के किनारे स्थित बिजनौर थाने की पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मूलत: बिहार के बांका के रजौन स्थित पड़घड़ी के रहने वाले राजन कुमार एसएसबी में डिप्टी कमांडेंट हैं। वर्तमान में उनकी तैनाती भारत-भूटान सीमा पर काजलगांव में है। राजन के मुताबिक वर्ष 2021 में परिवार के लिए लखनऊ के वृंदावन योजना क्षेत्र में आवास खरीदने का निर्णय लिया था।
इस दौरान स्वप्निल इंडिया मार्केटिंग नामक कंपनी ने उन्हें अपने प्रोजेक्ट ‘सौभाग्यम फेज-3 एक्सटेंशन’ में मकान देने का आश्वासन दिया। झांसे में आकर उन्होंने पहले टोकन राशि और बाद में करीब 4.14 लाख रुपये का भुगतान किया। इसके साथ ही एलआइसी हाउसिंग फाइनेंस से 37 लाख रुपये का होम लोन भी स्वीकृत कराया गया।
16 सितंबर 2022 को विधिवत रजिस्ट्री भी उनके और उनकी पत्नी के नाम कर दी गई। तय समय सीमा के बावजूद निर्माण कार्य पूरा नहीं किया गया और मार्च 2024 से काम पूरी तरह बंद कर दिया गया। कई बार संपर्क करने पर कंपनी ने टालमटोल की और बाद में धमकी भरे जवाब देने शुरू कर दिए।
अक्टूबर 2025 में मौके पर पहुंचने पर पता चला कि उक्त मकान पहले ही वर्ष 2021 में किसी अन्य कंपनी को बेचा जा चुका था। आरोप है कि उनकी संपत्ति को एक से अधिक लोगों को बेचा गया। पीड़ित को न तो जमीन मिली और न ही भवन। शिकायत करने पर आरोपितों ने धमकी दी। पीड़ित ने बिजनौर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।