सामाजिक न्याय के मुद्दे को हवा देगी कांग्रेस, यूपी चुनाव 2027 में दलित-पिछड़ा वोट बैंक पर नजर
कांग्रेस आगामी विधानसभा चुनाव के लिए सामाजिक न्याय के मुद्दे को भुनाने की तैयारी में है। पार्टी सितंबर से विभिन्न ...और पढ़ें

राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे। (तस्वीर- फाइल)
HighLights
कांग्रेस सितंबर से 200 से अधिक सामाजिक न्याय सम्मेलन आयोजित करेगी।
दलितों और पिछड़ों को पार्टी से जोड़ने का लक्ष्य है।
राजेंद्र पाल गौतम के निर्देश पर विचार विभाग को जिम्मेदारी।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस सामाजिक न्याय के मुद्दे को हवा देनी की तैयारी की है। इसके लिए पार्टी सितंबर माह से विभिन्न जिलों में 200 से ज्यादा सम्मेलनों का आयोजन करेगी। पार्टी ने सम्मेलनों के आयोजन की जिम्मेदारी विचार विभाग को सौंपी है। इसे लेकर सभी जिलों के जिलाध्यक्षों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
प्रदेश प्रभारी बनने के बाद राजेंद्र पाल गौतम ने पहले दौरे में ही यह स्पष्ट कर दिया था कि पार्टी सामाजिक न्याय के मुद्दे को लेकर सड़कों पर उतरेगी।
इसकी तैयारियों को लेकर पार्टी राज्यभर में 200 से ज्यादा सम्मेलनों का आयोजन कर ज्यादा से ज्यादा दलितों व पिछड़ों को पार्टी के साथ जोड़ेगी, जिससे इस मुद्दे को लेकर जब पार्टी सड़कों पर उतरे तो लोगों की भीड़ जुट सके। इस मुद्दे को भुनाने के लिए पार्टी ने सम्मेलनों के जरिए पहले माहौल बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।
पार्टी के विचार विभाग के प्रदेश अध्यक्ष एचएल दुसाध ने बताया कि विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष कैप्टन प्रवीण डावर ने पिछले दिनों पार्टी मुख्यालय में वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर सम्मेलनों की तैयारी की समीक्षा की है। चूंकि जल्द ही 30 से 40 प्रतिशत जिला अध्यक्षों को बदला जाना है, इसलिए पार्टी की कोशिश है कि उससे पहले सम्मेलनों का आयोजन करा लिया जाए।
जिला अध्यक्षों को बदलने के लिए तैनात किए गए छह सह प्रभारियों ने अपनी रिपोर्ट शीर्ष नेतृत्व को भेज दी है। फिलहाल गोरखपुर, प्रयागराज, वाराणसी, आजमगढ़, अयोध्या, झांसी व सिद्धार्थनगर में सामाजिक न्याय सम्मेलन आयोजित किए जाने पर सहमति बन गई है।
अगले सप्ताह इन सम्मेलनों की तिथियां निर्धारित कर दी जाएंगी। इन सम्मेलनों में पार्टी की विचार धारा के अलावा राहुल गांधी द्वारा उठाए जा रहे मुद्दों को एक पुस्तिका में प्रकाशित कर उसे दलित व पिछड़े वर्ग के बुद्धिजीवियों में वितरित किया जाएगा।
