बुजुर्गों-निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन बढ़ाने की तैयारी में योगी सरकार, प्रस्ताव को मिली मंजूरी
योगी सरकार बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों की मासिक पेंशन 1000 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये करने की तैयारी में है। इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
HighLights
पेंशन 1000 से बढ़कर 1500 रुपये प्रतिमाह होगी।
प्रस्ताव को सैद्धांतिक सहमति, जल्द कैबिनेट में पेश होगा।
1.21 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को मिलेगा लाभ।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। रसोइयों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में वृद्धि के बाद प्रदेश सरकार अब बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन बढ़ाने की तैयारी में है। सरकार की योजना इनकी पेंशन राशि 1000 रुपये से बढ़ाकर 1500 रुपये प्रतिमाह करने की है।
सरकार ने इस प्रस्ताव को सैद्धांतिक सहमति दे दी है और इसे जल्द कैबिनेट के समक्ष रखा जाएगा। दिसंबर में संभावित दूसरे अनुपूरक बजट में इसके लिए धनराशि का प्रविधान किया जाएगा।
विधान सभा चुनाव में उतरने से पहले प्रदेश सरकार सभी को साधने की मुहिम में लगी है। इस कड़ी में युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटने का अभियान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुरू किया है। अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र देने की घोषणा मुख्यमंत्री ने की है। सरकार रसोइयों और आगंनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं का मानदेय बढ़ाने का आदेश पहले ही दे चुकी है।
अब हर साल मिलेंगे छह हजार
अब बुजुर्गों, निराश्रित महिलाओं और दिव्यांगजनों की पेंशन बढ़ाने की तैयारी भी सरकार ने कर ली है। पेंशन वृद्धि का लाभ चालू वित्तीय वर्ष की तीसरी तिमाही से मिलने की उम्मीद है। प्रस्ताव स्वीकृत होने पर लाभार्थियों को सालाना 12 हजार रुपये के बजाय 18 हजार रुपये पेंशन मिलेगी, यानी प्रत्येक वर्ष छह हजार रुपये अधिक मिलेंगे।
यह भी पढ़ें- शारदीय नवरात्र: कलश स्थापना के साथ शुरू होगा मां दुर्गा का गुणगान, मंदिरों में महाआरती की तैयारियां पूरी
प्रदेश में वृद्धावस्था पेंशन योजना के 67 लाख से अधिक, निराश्रित महिला पेंशन योजना के 42 लाख से अधिक और दिव्यांगजन पेंशन योजना के 12 लाख से अधिक लाभार्थी हैं। तीनों योजनाओं के कुल लाभार्थियों की संख्या 1.21 करोड़ से अधिक है। वर्ष 2017 के बाद प्रदेश सरकार ने वृद्धावस्था, निराश्रित और दिव्यांगजन पेंशन को 500 रुपये से बढ़ाकर 1000 रुपये प्रतिमाह किया था।
