UP MLC Election Voting LIVE: फतेहपुर में हंगामा, आगरा में भाजपा और सपा कार्यकर्ता भिड़े; 11 सीटों पर वोटिंग
UP MLC Election 2026: उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 शिक्षक और स्नातक सीटों के लिए आज सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया है।

UP MLC Chunav | उत्तर प्रदेश विधान परिषद चुनाव।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली/लखनऊ। UP MLC Election 2026 | उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए आज सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया है। इनमें पांच स्नातक और छह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की सीटें शामिल हैं। मतदान सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक होगा।
इन सीटों पर कुल 14.81 लाख मतदाता पंजीकृत हैं। 72 जिलों में मतदान के लिए 2697 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। चुनाव में कुल 152 प्रत्याशी मैदान में हैं।
वोटिंग के समय तक शराब की दुकानें बंद रहेंगी। वहीं, ऐसे सभी कर्मचारी व शिक्षक जो मतदाता हैं उन्हें वोट डालने के लिए शुक्रवार को विशेष आकस्मिक अवकाश मिलेगा।
एमएलसी चुनाव की पल-पल की अपडेट्स LIVE BLOG में पढ़िए-
UP MLC Chunav LIVE: आगरा में सपाई-भाजपाई भिड़े
फतेहाबाद में शुक्रवार दोपहर एमएलसी चुनाव के मतदान केंद्र पर उस समय हंगामा हो गया, जब भाजपा कार्यकर्ताओं के बूथ के अंदर पहुंचने का आरोप लगा। आरोप है कि बूथ के अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकालने के बाद बैलेट पेपर पर भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में निशान लगाए गए।
मतदाता सूची में सांसद अनुराग शर्मा का नाम नहीं
झांसी-इलाहाबाद विधान परिषद खण्ड स्नातक चुनाव की मतदाता सूची में भाजपा के सांसद अनुराग शर्मा का नाम नहीं है। आज सुबह जब वह अपने मतदान केन्द्र नैशनल हाफिज सिद्दीक इण्टर कॉलेज पहुंचे, तो मतदाता सूची में उनका नाम नहीं मिला।

शिवपाल ने सपा की जीत का किया दावा
इटावा: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं विधायक शिवपाल सिंह यादव ने शिक्षक-स्नातक विधान परिषद चुनाव में पार्टी के दोनों प्रत्याशियों की जीत का दावा किया।
यूपी मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने डाला वोट
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने आज उत्तर प्रदेश विधान परिषद के 05 खण्ड स्नातक एवं 06 खण्ड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए हो रहे मतदान के दौरान पूर्वाह्न 10:00 बजे अपने निर्धारित मतदेय स्थल, बूथ संख्या-224 (स्नातक), केंद्रीय विद्यालय, विकास खण्ड-2, गोमती नगर, लखनऊ में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

विजयीपुर बूथ में हंगामा, सपा का कैमरे बंद कर वोटिंग कराने का आरोप
फतेहपुर: इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक चुनाव के लिए जिले में 15 मतदान केंद्रों में 25 बूथ बनाए गये हैं। सुबह करीब दस बजे खागा विधानसभा क्षेत्र के विजयीपुर ब्लाक कार्यालय में बनें बूथ नंबर 159 में हंगामा शुरू हो गया। सपा के विधानसभा अध्यक्ष नरेश कोरी ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा धांधली की जा रही है।
फतेहपुर की खागा विधानसभा के बूथ संख्या 157 और 158 पर मतदान करने पहुंच रही मुस्लिम महिलाओं का बुर्का उठाकर चेहरा देखे जाने की शिकायत। संज्ञान ले चुनाव आयोग, मामले की तत्काल जांच कर महिला मतदाताओं की गरिमा का ध्यान रखते हुए नियमानुसार पहचान सत्यापन और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित हो। @ECISVEEP @ceoup @dmfatehpur
— Samajwadi Party (@samajwadiparty) October 23, 2026
MLC Chunav LIVE: निर्दलीय प्रत्याशी की गाड़ी से दो लाख से ज्यादा बरामद
आजमगढ़ में निर्दलीय प्रत्याशी के समर्थक वाले वाहन से दो लाख 41 हजार पांच सौ रुपये बरामद हुए हैं। पुलिस ने चार आरोपियों को हिरासत में लिया है।
झांसी-प्रयागराज स्नातक चुनाव में 10 बजे तक 3.75% मतदान
इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में मतदान जारी है। शुक्रवार सुबह 10 बजे तक निर्वाचन क्षेत्र के 10 जिलों में कुल 9,926 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कुल 2,64,233 मतदाताओं के सापेक्ष मतदान प्रतिशत 3.757 रहा।
सदर विधायक भूपेश चौबे ने डाला वोट
सोनभद्र: सदर विधायक भूपेश चौबे ने अपनी पत्नी तृप्ति चौबे के साथ स्नातक विधान परिषद चुनाव में मतदान किया। इस दौरान उन्होंने लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सहभागिता निभाते हुए मताधिकार का प्रयोग किया।

UP MLC Chunav LIVE: रामगोपाल ने इटावा में डाला वोट
इटावा में सपा नेता रामगोपाल यादव ने सुबह-सुबह ही वोट डाला। उधर, लखनऊ में भाजपा उपाध्यक्ष नीरज सिंह ने भी मतदान किया।
अमरोहा में सात मतदान केंद्रों पर वोटिंग शुरू
अमरोहा: शुक्रवार सुबह आठ बजे से शिक्षक विधायक चुनाव के लिए मतदान का कार्य शुरू हो गया। यह शाम चार बजे तक चलेगा। पहचान पत्र देखने के बाद ही मतदाताओं को केंद्र में जाने की अनुमति दी जा रही है। सुबह से ही डीएम डा.नितिन गौड़ व एसपी लखन सिंह यादव केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का हाल जानने निकले हैं।

MLC चुनाव का मतदान शुरू, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण
मैनपुरी: उत्तर प्रदेश विधान परिषद आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक का मतदान शुक्रवार सुबह आठ बजे शुरू हो गया। शहर के देवी रोड स्थित प्राथमिक विद्यालय पर बने बूथ का जिलाधिकारी डॉ., इंद्रमणि त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक गणेश प्रसाद, एडीएम श्यामलता आनंद ने निरीक्षण किया। जिले में 25 बूथ बनाए गए हैं।

संभल में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू
शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर शुक्रवार को संभल जिले के सात मतदान केंद्रों पर सुबह आठ बजे से कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान शुरू हो गया। शिक्षक मतदाता वोट की आहुति देकर प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करने लगे। मतदान केंद्रों पर निगरानी भी कड़े प्रबंध रहे।
अंबेडकरनगर में शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू
अंबेडकरनगर में शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए नौ बूथों पर मतदान शुरू हो गया है। अकबरपुर में 694, कटेहरी 207, भीटी 137, भियांव 215, जलालपुर 373, रामनगर 256,जहांगीरगंज 149, टांडा 512, बसखारी में 348 मतदाता हैं। मतगणना 27 अक्टूबर की होगी।

मीरजापुर में एमएलसी चुनाव के लिए वोटिंग शुरू
विधान परिषद वाराणसी खंड स्नातक व शिक्षक निर्वाचन के लिए सुबह आठ बजे से मतदान आरंभ हो गया, जो शाम चार बजे तक होगा। जनपद में 32 मतदान केंद्र और उनके 44 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।

गाजीपुर में स्नातक-शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए 70 बूथों पर मतदान शुरू
UP MLC Election Voting: वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव के लिए शुक्रवार को सुबह आठ बजे से मतदान शुरू हो गया, जो शाम चार बजे तक चलेगा। दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 56,477 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
आजमगढ़ में शिक्षक एमएलसी चुनाव के लिए मतदान शुरू
UP MLC Election Voting: उत्तर प्रदेश विधान परिषद गाेरखपुर-फैजाबाद खंड निर्वाचन-2026 के लिए मतदान सभी 23 केंद्रों पर शुरू हो गया है। जिले के 22 ब्लॉक मुख्यालय एवं शिब्ली नेशनल पीजी कॉलेज सहित कुल 23 बूथों पर सुबह आठ से चार बजे तक मतदान होगा। चुनाव में कुल 8,592 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।

शिक्षक-स्नातक चुनाव में सपा की जीत का दावा
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन में समाजवादी पार्टी के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने पार्टी प्रत्याशियों की जीत का दावा किया।
मुरादाबाद में 17 प्रत्याशियों की किस्मत होगी तय
बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में वोटिंग शुरू हो गई। जिले के 12 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। सदर तहसील में बने बूथ संख्या 76 पर केजीके इंटर कॉलेज में प्रवक्ता श्रीपाल सिंह ने पहला वोट डाला।

UP Vidhan Parishad Election 2026: वोटिंग में नोटा का ऑप्शन नहीं
विधान परिषद चुनाव में चुनाव चिह्न नहीं होते और नोटा का विकल्प भी लागू नहीं है। मतपत्र पर पसंद के प्रत्याशी के नाम के सामने प्राथमिकता अंक में लिखनी होगी।
MLC Election Voting 2026 LIVE: मतदान के लिए ले जाएं ये डॉक्यूमेंट
मतदान के लिए मतदाता को फोटो और पहचान पत्र प्रस्तुत करना होगा। इसके न रहने पर आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, पासपोर्ट सहित आयोग द्वारा मान्य वैकल्पिक दस्तावेजों में से कोई एक दिखाकर पहचान स्थापित की जा सकती है।
UP MLC Election 2026 LIVE : सुबह 8 बजे से मतदान शुरू
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में 74 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में 78 प्रत्याशी मैदान में हैं। लखनऊ स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में 3,13,531 मतदाताओं के लिए 415 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। वाराणसी स्नातक क्षेत्र में 2,88,622 मतदाता 327 मतदेय स्थलों पर वोट डालेंगे।
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में ये क्षेत्र शामिल
शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद सीट पर चुनाव होगा। कानपुर नगर, कानपुर देहात व उन्नाव को छोड़कर बाकी सभी जगह मतदान होगा। ये जिले कानपुर खंड स्नातक व कानपुर खंड शिक्षक क्षेत्र में आते हैं जिनके सदस्यों का कार्यकाल फरवरी 2029 तक है।
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में ये जिले शामिल
स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों में लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी सीट शामिल हैं।
