उत्तर प्रदेश में आंधी, ओलावृष्टि और वर्षा से दस से 30 प्रतिशत तक फसल नुकसान, बढ़ी किसानों की चिंता
Weather Alert in UP: 35 जिलों में बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया था। 55 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है। ...और पढ़ें

लखनऊ में आकाश में इस तरह चमकी बिजली
डिजिटल डेस्क, लखनऊ। उत्तर प्रदेश में बीते 24 घंटे में तेज आंधी के साथ ओलावृष्टि और वर्षा ने मौसम को काफी बदल दिया है। अप्रैल के पहले हफ्ते में इस तरह के भयावह मौसम ने प्रदेश के कई हिस्सों में किसानों की चिंता बढ़ा दी। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के चलते मौसम में यह बदलाव आया है। 9 अप्रैल तक यानी अगले 5 दिन मौसम ऐसा ही रहेगा।
आगरा और मथुरा में तेज आंधी और वर्षा से साथ हुई ओलावृष्टि से खेतों में कटी और खड़ी गेहूं और सरसों की फसल भी बर्बाद हो गई। मथुरा जिले में नंदगांव और छाता विकास खंड क्षेत्र में गेहूं व सरसों की फसल में 50 प्रतिशत नुकसान की आशंका है। पूरे जिले में 20 प्रतिशत तक फसल का नुकसान हुआ है।
कानपुर-बुंदेलखंड व आसपास जिलों में आंधी-बारिश के कारण पैदावार 20 से 30 प्रतिशत घटने का अनुमान है। प्रयागराज में करीब 2.27 लाख हेक्टेयर में बोए गए गेहूं के लिए बीते कुछ दिनों से रुक-रुककर हो रही बारिश व बूंदाबांदी नुकसानदेह बन गई है। अपर जिला कृषि अधिकारी विकास मिश्रा ने बताया कि बारिश की वजह से मड़ाई का काम प्रभावित हो रहा है। अभी तो कोई नुकसान नहीं हुआ है, लेकिन ऐसे ही मौसम रहा तो उत्पादन पर असर पड़ेगा।
कानपुर, ललितपुर, जालौन में जमकर ओले गिरे। कानपुर में शनिवार शाम तेज आंधी के साथ बारिश हुई। यहां गोविंद नगर में कई पेड़ उखड़ गए। पेड़ के नीचे दबकर एक कार चकनाचूर हो गई। बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। कानपुर के मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि पांच अप्रैल तक मौसम बिगड़ा रह सकता है। जालौन की माधौगढ़ तहसील में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई। जमकर ओले भी गिरे। सड़क और खेतों में ओलों की चादर बिछ गई। खेतों में खड़ी गेहूं और सरसों की फसल बर्बाद हो गईं।
लखनऊ में आंधी-पानी ने आम को काफी प्रभावित किया है। लगभग 15 प्रतिशत नुकसान का अनुमान है। लखनऊ में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अगले कुछ घंटे में 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी-बारिश और बादलों के गरज चमक की संभावना है। वाराणसी में अभी फसल नुकसान का स्पष्ट आंकड़ा कृषि विभाग की ओर से नहीं दिया गया है, यद्यपि 10 प्रतिशत नुकसान का अनुमान कृषि अधिकारी जरूर जता रहे हैं।
जिला कृषि अधिकारी संगम सिंह ने बताया कि अभी तक बहुत से किसानों की फसल कटी नहीं है। कटी फसल भीग जाने से दाने खराब हो सकते हैं। मौसम विभाग ने शनिवार को 35 जिलों में बारिश और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया था। 55 जिलों में गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की आशंका है।
आंधी से हाईटेंशन तार गिरा, चपेट में आकर एक मौत
प्रदेश में शनिवार को भी मौसम ने करवट ली। शाम को कई जिलों में तेज हवा के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई। इस दौरान हादसों में एक मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हैं। मथुरा में आंधी के कारण करीब 600 बिजली के खंभे टूट गए। इनमें करीब साढ़े चार सौ खंभे अकेले छाता और नंदगांव और कोसीकलां क्षेत्र में ही टूटे हैं। दो सौ गांवों की बिजली ठप हो गई। 20 से अधिक ट्रांसफार्मर फुंक गए। बिजली का खंभा टूटने से हाईटेंशन लाइन जमीन पर गिर गई, बाइक से जा रहा बिजली मिस्त्री तारों में फंस गया और करंट से मृत्यु हो गई। बिजली गिरने से एक मकान भी फट गया। फतेहपुर सीकरी में मकान की छत और दीवार गिरने से सात लोग घायल हो गए।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।