दिल्ली रिमांड के चलते जॉर्डन ब्राउन की महराजगंज सुनवाई पर संशय, आरोप तय होने में देरी संभव
जॉर्डन ब्राउन की महराजगंज कोर्ट में 28 सितंबर को होने वाली सुनवाई टल सकती है, क्योंकि दिल्ली पुलिस ने उसे ...और पढ़ें

29 सितंबर तक तिहाड़ पुलिस की अभिरक्षा में रहेगा जार्डन ब्राउन। जागरण
HighLights
जॉर्डन ब्राउन की महराजगंज कोर्ट में सुनवाई टलने की संभावना।
दिल्ली पुलिस ने उसे 29 सितंबर तक अपनी रिमांड पर लिया।
अवैध नेपाल प्रवेश मामले में आरोप तय करने की प्रक्रिया थी।
जागरण संवाददाता, महराजगंज। सोनौली सीमा से अवैध रूप से नेपाल जाने के प्रयास में गिरफ्तार जार्डन ब्राउन की महराजगंज में 28 सितंबर को प्रस्तावित सुनवाई टल सकती है। दिल्ली में दर्ज एक मामले में दिल्ली पुलिस ने उसे 29 सितंबर तक रिमांड पर लिया है। ऐसे में 28 सितंबर को महराजगंज के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) न्यायालय में होने वाली सुनवाई के दौरान उसकी मौजूदगी को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।
इस तारीख पर जार्डन के विरुद्ध आरोप तय करने को लेकर सुनवाई होनी है। बीते 11 जुलाई को सोनौली सीमा पर एसएसबी ने जार्डन ब्राउन को उस समय पकड़ा था, जब वह बिना वैध दस्तावेज के नेपाल जाने का प्रयास कर रहा था। पूछताछ के दौरान उसकी पहचान और भारत में प्रवेश से जुड़े दस्तावेजों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी थी। बाद में जांच में उसके ब्रिटिश नागरिक होने की जानकारी सामने आई।
मामले में सोनौली थाने में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने उसके भारत आने, यहां ठहरने और नेपाल जाने के प्रयास से जुड़े तथ्यों को भी खंगाला। पुलिस की विवेचना पूरी होने के बाद न्यायालय में आरोप-पत्र दाखिल किया गया। अब इसी मामले में आरोप तय करने के लिए न्यायालय में सुनवाई होनी है।
जार्डन के अधिवक्ता आशुतोष पांडेय ने बताया कि 28 सितंबर की सुनवाई महत्वपूर्ण है। इसमें आरोप तय करने की प्रक्रिया आगे बढ़नी है, लेकिन दिल्ली पुलिस की रिमांड के कारण जार्डन का महराजगंज न्यायालय में पेश होना मुश्किल है। ऐसे में सुनवाई के लिए नई तारीख मिल सकती है। वर्तमान में जार्डन तिहाड़ जेल में बंद है।
जेल बदलने से लेकर दिल्ली पुलिस की रिमांड तक
महराजगंज में न्यायिक हिरासत के दौरान जार्डन को पहले जिला कारागार में रखा गया था। बाद में उसे गोरखपुर जिला कारागार स्थानांतरित किया गया। महराजगंज न्यायालय में उसकी पेशी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से भी कराई जाती रही है। इसी बीच दिल्ली में दर्ज दूसरे मामले में दिल्ली पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में लिया। दिल्ली पुलिस की कार्रवाई के बाद जार्डन को दिल्ली ले जाया गया।
यह भी पढ़ें- महाराजगंज में बेकाबू ट्रेलर ने ई-रिक्शा को मारी टक्कर, व्यापारी समेत दो की मौत
न्यायालय में पेशी के बाद उसे तिहाड़ जेल भेज दिया गया। उसकी हिरासत 29 सितंबर तक होने के कारण 28 सितंबर की महराजगंज कोर्ट में प्रस्तावित सुनवाई पर भी इसका सीधा असर पड़ सकता है।
यह भी पढ़ें- पागल सियार ने सोते समय पांच को काटा, ग्रामीणों ने दूसरे दिन मार डाला
