नेपाल में बाढ़ भूस्खलन का कहर, नागढुंगा मुग्लिन समेत प्रमुख राजमार्ग बंद
नेपाल में लगातार बारिश से बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है, जिससे काठमांडू को जोड़ने वाले नागढुंगा-मुग्लिन सहित कई प्रमुख राजमार्ग बंद हो गए हैं। पुलिस ने लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और यात्रा से पहले सड़क की स्थिति जांचने की सलाह दी है।

लगातार वर्षा एवं बाढ के कारण काठमांडू हाईवे पर रोके गए वाहन। सौ. इंटरनेट मीडिया
HighLights
लगातार वर्षा से नेपाल में बाढ़-भूस्खलन का खतरा बढ़ा।
नागढुंगा-मुग्लिन सहित कई प्रमुख राजमार्ग बंद।
यात्रियों को अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह।
संवाद सूत्र, भैरहवा (नेपाल)। लगातार हो रही वर्षा के बीच नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है। इसके चलते काठमांडू घाटी को देश के अन्य हिस्सों से जोड़ने वाले प्रमुख सड़क मार्गों समेत देशभर के कई राजमार्ग प्रभावित हो गए हैं। नेपाल पुलिस मुख्यालय और ट्रैफिक पुलिस की ओर से गुरुवार सुबह जारी अपडेट के अनुसार कई सड़क खंड पूरी तरह बंद हैं, जबकि कुछ मार्गों पर समय निर्धारित कर वाहनों के संचालन पर रोक लगाई गई है।
सबसे अधिक असर काठमांडू को तराई और पश्चिमी नेपाल से जोड़ने वाले प्रमुख नागढुंगा–मुग्लिन सड़क खंड पर पड़ा है। बाढ़ के उच्च जोखिम को देखते हुए नागढुंगा से मुग्लिन तक दोनों दिशाओं में वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। इसके अलावा बीपी राजमार्ग पर भी बाढ़ और भूस्खलन के खतरे को देखते हुए यातायात संचालन बंद कर दिया गया है। खुर्कोट–नेपालथोक–कटुन्जेबेंसी सड़क खंड पर अगली सूचना तक वाहनों के आवागमन पर रोक रहेगी।
वहीं, कांतिलोकपथ पर भूस्खलन के खतरे के कारण हेटौंडा–ठिंगन–बागमती होते हुए ललितपुर को जोड़ने वाले मार्ग पर शाम पांच बजे से सुबह पांच बजे तक वाहनों का संचालन प्रतिबंधित कर दिया गया है।
रसुवा जिले में त्रिशूली–मैलुङ–स्याफ्रुबेसी सड़क खंड के अंतर्गत उत्तरगया गाउँपालिका–5 स्थित खाल्टे क्षेत्र में बाढ़ के कारण सड़क पूरी तरह अवरुद्ध हो गई है। अधिकारियों के अनुसार इस मार्ग को खोलने में समय लग सकता है। नुवाकोट के शिवपुरी गाउँपालिका–8 स्थित घट्टेखोला क्षेत्र में भी सड़क जोखिमपूर्ण होने के कारण रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक यातायात रोक दिया गया है।
यह भी पढ़ें- नेपाल में बाढ़ का असर, सीमावर्ती बाजारों में ठप रहा कारोबार
इसी तरह इलाम नगरपालिका–9 के राजदुवाली क्षेत्र में झापा–ताप्लेजुंग सड़क खंड भी पूरी तरह बंद हो गया है। ट्रैफिक पुलिस ने यात्रियों से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
पुलिस प्रशासन ने लोगों से अत्यावश्यक कार्य के अलावा लंबी दूरी और विशेषकर रात के समय यात्रा नहीं करने का अनुरोध किया है। यात्रा आवश्यक होने पर संबंधित पुलिस कार्यालय या ट्रैफिक कंट्रोल से सड़क की नवीनतम स्थिति की जानकारी लेने के बाद ही घर से निकलने की सलाह दी गई है। ट्रैफिक पुलिस कार्यालय के एसपी नरेश सुबेदी ने बताया था कि संभावित बाढ़ के खतरे को देखते हुए काठमांडू से संबंधित मार्गों पर वाहनों को आगे जाने से रोका गया है।
