मैनपुरी में तीन दिन तक बाजारों में वाहनों की नो एंट्री, त्योहार के चलते उठाया कदम
मैनपुरी में धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में भीड़भाड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने तीन दिन के लिए तीन ...और पढ़ें

मैनपुरी में गुरुवार से वाहनों का प्रवेश बाजार में बंद करा दिया गया।
जागरण संवाददाता, मैनपुरी। धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने जाम से निपटने की तैयारी शुरू कर दी है। त्योहार पर खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए नगर के प्रमुख बाजारों में तीन दिन तक दुपहिया वाहनों को छोड़कर तीन और चार पहिया वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
वहीं बाजारों में चोरी, छिनैती और अन्य आपराधिक घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया जाएगा। त्योहार के दौरान बाजारों में खरीदारी करने वालों की संख्या बढ़ने से सड़कों पर वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। दुकानों के सामने वाहनों के खड़े होने और संकरी सड़कों पर आवागमन के कारण दिनभर जाम के हालात बने रहते हैं।
इस बार यातायात विभाग ने पहले से ही व्यवस्था बनाने की तैयारी की है। इसके तहत घंटाघर से पहले देवी रोड, क्रिश्चियन तिराहा और बड़ा चौराहा पर बैरिकेडिंग कराई जाएगी। यहां से तीन और चार पहिया वाहनों को बाजार की ओर प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इससे बाजारों में पैदल खरीदारी करने वालों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
सीओ यातायात दीपशिखा सिंह ने बताया कि धनतेरस और दीपावली पर बाजारों में जाम की स्थिति न बने, इसके लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। तीन दिन तक दुपहिया वाहनों को छोड़कर तीन और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए 10 यातायात पुलिसकर्मियों के अलावा कोतवाली से 10 से भी पुलिसकर्मियों बाजार में तैनाती की गई है।
प्रमुख गलियों के बाहर भी रहेगी पुलिस की नजर
यातायात व्यवस्था संभालने के लिए विभाग के 20 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। इन्हें प्रमुख तिराहों, चौराहों और बाजारों में आने वाली गलियों के बाहर तैनात किया जाएगा। पुलिसकर्मी यातायात नियंत्रण के साथ संदिग्ध व्यक्तियों पर भी नजर रखेंगे, ताकि भीड़ का फायदा उठाकर चोर और उचक्के वारदात न कर सकें। दो यातायात उप निरीक्षक भी तैनात किए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।