'अनपढ़ रहेगा इंडिया तो अंधभक्त बनेगा इंडिया, यह भाजपा का नारा है'; मऊ में बोले संजय सिंह
राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मऊ में केंद्र और प्रदेश सरकार पर शिक्षा, बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों पर जमकर हमला बोला।

मधुबन में गांधी मैदान पर आम आदमी पार्टी द्वारा आयोजित जनसंवाद सभा को संबोधित करते सांसद संजय सिंह व उपस्थित भीड़।
HighLights
संजय सिंह ने केंद्र-प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला।
शिक्षा, बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार पर भाजपा को घेरा।
'अनपढ़ रहेगा इंडिया तो अंधभक्त बनेगा इंडिया' नारा बताया।
जागरण संवाददाता, मऊ। नगर पंचायत स्थित गांधी मैदान में शनिवार को आम आदमी पार्टी के तत्वावधान में आयोजित जनसंवाद सभा में राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने शिक्षा, बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार और धार्मिक ध्रुवीकरण जैसे मुद्दों को उठाते हुए भाजपा पर निशाना साधा।
कहा कि भाजपा का नारा है कि अनपढ़ रहेगा इंडिया तो अंधभक्त बनेगा इंडिया। सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के बजाय समाज में नफरत फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यह उमड़ा जनसमूह इस बात का संकेत है कि शहीदी धरती ने आगामी चुनाव में परिवर्तन का मन बना लिया है।
देश गोडसे के रास्ते पर नहीं, बल्कि महात्मा गांधी के रास्ते पर चलेगा। चुनाव आते ही लोगों को जाति और धर्म के नाम पर बांटने की कोशिश की जाती है। ऐसे लोगों को सबक सिखाने और उनकी जमानत जब्त कराने की जरूरत है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 27 हजार स्कूल बंद हो गए, जबकि गांव-गांव में 27 हजार मधुशालाएं खोलकर लोगों को बर्बादी की ओर धकेला जा रहा है। जब बच्चे पढ़ेंगे ही नहीं तो उनका भविष्य कैसे संवरेगा। चंद पूंजीपतियों के 17 लाख करोड़ रुपये के कर्ज माफ कर दिए गए और जल जीवन मिशन के नाम पर 30 हजार करोड़ रुपये का घोटाला हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बिजली की समस्या उठाने पर जय श्रीराम का नारा लगाया जाता है। प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक हो रहे हैं और जब युवा अपने हक की आवाज उठाते हैं तो उन पर लाठियां चलाई जाती हैं।
उन्होंने कहा कि मंदिर के नाम पर जनता की आस्था से खिलवाड़ करने वालों का बहिष्कार किया जाना चाहिए। आम आदमी पार्टी अन्याय और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष करती रहेगी। प्रांतीय अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि आम आदमी पार्टी अन्याय के विरोध में सदैव संघर्ष करती रही है। वर्तमान सरकार की नीतियों से पूरा देश परेशान है। इस मौके पर शाह आलम, जयराम यादव सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।