मेरठ में STF की बड़ी कार्रवाई, सोतीगंज में छिपे जम्मू-कश्मीर के गटारू गैंग के 4 सदस्यों को किया गिरफ्तार
एसटीएफ ने मेरठ के सोतीगंज से जम्मू-कश्मीर के कुख्यात गटारू गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है। ये बदमाश ...और पढ़ें

एसटीएफ की गिरफ्त में गटारू गैंग के सदस्य
HighLights
एसटीएफ ने सोतीगंज, मेरठ से गटारू गैंग के चार सदस्य पकड़े।
जम्मू-कश्मीर में रंगदारी, डकैती, जानलेवा हमले की वारदातें करते थे।
कुरुक्षेत्र जेल से जुड़े मेरठ के ठिकाने के तार।
जागरण संवाददाता, मेरठ। जम्मू-कश्मीर में रंगदारी, डकैती, जमीन कब्जाने और जानलेवा हमले की वारदात को अंजाम देने वाले गटारू गैंग के तार मेरठ के सोतीगंज से जुड़ गए हैं। एसटीएफ ने सोतीगंज से गैंग के तीन बदमाश सौरभ गुप्ता, गौरव गुप्ता और रोहित बलोना को गिरफ्तार किया, चौथा आरोपित मेरठ का माज कुरैशी है।
आरोप है कि माज ने बिना पुलिस सत्यापन कराए तीनों को अपने मकान में छिपा रखा था। एटीएफ ने आरोपितों के कब्जे से चार मोबाइल और एक लैपटॉप बरामद किया है। 22 अक्टूबर को सांबा पुलिस ने एसटीएफ से सूचना साझा कि गटारू गैंग के सदस्य सोतीगंज में छिपे हुए है। एएसपी बृजेश कुमार सिंह ने टीम लगाकर सोमवार रात करीब 11 बजे सोतीगंज में दबिश देकर चारों बदमाशों को गिरफ्तार किया।
जेल में बनी दोस्ती से मिला सोतीगंज का ठिकाना
एसटीएफ के एएसपी बृजेश सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि कुरुक्षेत्र जेल में गिटारू गैंग के गौरव जंदियाल की मुलाकात सोतीगंज निवासी कबाड़ी मोहसिन से हुई थी। जेल से बाहर आने के बाद गौरव ने उससे संपर्क कर मेरठ में सुरक्षित ठिकाना मांगा। मोहसिन ने अपने दोस्त सोहेल निवासी श्यामनगर से बात की। इसके बाद सोहेल की खाला के बेटे माज कुरैशी के यहां ठहरने की व्यवस्था की गई।
फिलहाल माज ने सोतीगंज स्थित अपने मकान में सौरभ गुप्ता, गौरव गुप्ता और रोहित बलोना को पनाह दे रखी थी। पूछताछ में सामने आया कि सुमित जंदियाल की हत्या के बाद विजयपुर में एक पार्टी के दौरान सौरभ गुप्ता की मुलाकात बागपत के बिनौली थाना क्षेत्र के कलहेता निवासी आशू पंडित से हुई थी।
सुमित जंदियाल ने आशू से भी मेरठ में सुरक्षित ठिकाना उपलब्ध कराने को कहा। आशू ने सुभाषनगर स्थित अपने किराये के मकान में करीब एक महीने तक उसे ठहराया। इसके बाद सुभारती विश्वविद्यालय के पास एक फ्लैट में तीन महीने के लिए रहने की व्यवस्था कराई। इतना ही नहीं, आशू ने सुमित को तीन अवैध पिस्टल भी उपलब्ध कराई थीं।
सांबा जनपद में सक्रिय है गटारू और खौफ गैंग
पूछताछ में सामने आया कि गटारू गैंग जम्मू और सांबा जिलों में सक्रिय रहा है। गैंग को सुमित जंदियाल उर्फ गटारू संचालित करता था। वह सांबा जिले के विजयपुर का रहने वाला था। अपने भाई सौरभ गुप्ता और अन्य साथियों के साथ मिलकर गिरोह का नेटवर्क चलाता था। गटारू गैंग की विक्की खौफ और विकास सलाथिया के गिरोह से पुरानी रंजिश बताई गई है। दोनों पक्षों के बीच वर्चस्व को लेकर लंबे समय से गैंगवार चल रही थी। सौरभ गुप्ता और विक्की खौफ एक ही स्कूल में कक्षा सात से 11 तक पढ़े थे।
इसी दौरान सौरभ के दोस्त को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और दुश्मनी बढ़ गई। कक्षा 11 के बाद सौरभ ने पढ़ाई छोड़कर पिता की बारदाने की दुकान पर काम करना शुरू कर दिया था। वर्ष 2018 में सौरभ के दोस्त रोहित बलोना और अक्षय शर्मा ने विक्की खौफ गैंग के सदस्य साहिल शर्मा पर चाकू से हमला कर उसे घायल कर दिया था।
इसके बाद दोनों गिरोहों के बीच दुश्मनी और गहरी हो गई। वर्ष 2022 में विक्की खौफ गैंग के सदस्यों ने सौरभ के दोस्त बरिंदर निवासी विजयपुर पर हमला कर उसकी बाजू काट दी थी। 21 जनवरी 2025 को जम्मू के व्यस्त ज्वेल चौक इलाके में पार्टी के बहाने बुलाकर सुमित जंदियाल उर्फ गटारू की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।
शराब कारोबारी की हत्या में भी सामने आया था गटारू गैंग का नाम
लारेंस बिश्नोई सिंडिकेट से जुड़े काला राणा गैंग के सदस्य नोनी राणा ने आस्ट्रेलिया में बैठकर कुरुक्षेत्र के शराब कारोबारी शांतनु की गोली मारकर हत्या कराई थी। इस हत्याकांड को जून 2025 में गटारू गैंग के गौरव जंदियाल ने अपने साथियों हरनीत निवासी अरहैना और रोमिल बोहरा के साथ मिलकर अंजाम दिया था। मुठभेड़ में रोमिल बोहरा मारा गया था, जबकि अन्य दोनों को गिरफ्तार कर लिया था।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।