41 करोड़ से होगा सड़कों का कायाकल्प, शासन को भेजे गए प्रस्ताव; यह है कार्ययोजना
मेरठ में लोक निर्माण विभाग 41 करोड़ रुपये की लागत से तीन महत्वपूर्ण सड़कों का कायाकल्प करेगा। प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। इनमें एनएच-58 से खिर्वा रो ...और पढ़ें

(प्रतीकात्मक फोटो)
जागरण संवाददाता, मेरठ। लोक निर्माण विभाग तीन महत्वपूर्ण सड़कों का कायाकल्प करने जा रहा है। प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया है। शासन से स्वीकृति मिलते ही तीनों सड़कों पर नवीनीकरण, चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण कार्य किया जाएगा। एनएच-58 से खिर्वा रोड मुल्हेड़ा-बपारसी सड़क की लंबाई करीब 14 किमी है। इस सड़क को साढ़े पांच मीटर से बढ़ाकर सात मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। इसकी लागत लगभग 17 करोड़ है।
वहीं, सरधना क्षेत्र की दूसरी उपयोगी सड़क में शामिल सरधना-कुशावली-ज्वालागढ़ मार्ग से राधना पुल तक है। यह सड़क वर्तमान में तीन मीटर चौड़ी है। इसे बढ़ाकर साढ़े पांच मीटर तक किया जाएगा। 6.78 किमी लंबी इस सड़क पर 10.82 करोड़ खर्च होंगे। वहीं, तीसरी सड़क एनएच-34 मेरठ-पौड़ी हाईवे स्थित सैनी गांव से उलखपुर-जलालपुर से होते हुए लावड़ तक 6.90 किमी लंबी है। इसकी चौड़ाई तीन मीटर है, जिसे साढ़े पांच मीटर तक किया जाना है। इसके लिए 13.50 करोड़ का प्रस्ताव बनाया गया है।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता संजय सिंह ने बताया कि सड़कों के प्रस्ताव शासन को भेजे गए हैं। स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू हो जाएंगे। ये तीनों सड़कें ग्रामीण क्षेत्र को शहर से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।