UP MLC Election: मोबाइल ले जाने से रोकने पर प्रत्याशी और पुलिस के बीच जमकर नोकझोंक, मतगणना हाॅल के गेट पर हंगामा
मेरठ में एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान एक निर्दलीय प्रत्याशी को हॉल में मोबाइल ले जाने से रोका गया। इस पर प्रत्याशी की पुलिस से बहस हो गए।

HighLights
पुलिस कर्मियों से प्रत्याशी की तीखी बहस हुई।
एसपी सिटी ने दी नियमों की जानकारी।
जागरण संवाददाता, मेरठ। एमएलसी चुनाव की मतगणना के दौरान मतगणना हाॅल के बाहर प्रवेश द्वार पर उस समय हंगामा खड़ा हो गया जब स्नातक सीट के एक निर्दलीय प्रत्याशी अपने साथ एक साथी और जेब में मोबाइल ले जाने का प्रयास कर रहे थे। बैरियर पर पुलिस ने उन्हें रोका तो वह पुलिस कर्मियों से भिड़ गए।
इस दौरान काफी देर तक नोकझोंक और हंगामे की स्थिति बनी रही। एसपी सिटी विनायक भोसले ने प्रत्याशी को समझाकर शांत किया और बिना मोबाइल के भीतर भेजा।
स्नातक एमएलसी सीट के निर्दलीय प्रत्याशी एडवोकेट विक्रांत वशिष्ठ मतगणना के दौरान मतगणना हॉल से बाहर आए थे। कुछ देर बाद वह जब वापस जाने लगे तो उनके साथ एक साथी और भी थे। उनके पास मोबाइल भी था। मतगणना स्थल पर मोबाइल ले जाना प्रतिबंधित है। बैरियर पर तैनात पुलिस कर्मियों ने उन्हें इस नियम की जानकारी दी और मोबाइल ले जाने से रोका। जिससे प्रत्याशी आक्रोशित हो गए और पुलिस कर्मियों से उनकी बहस हो गई।
बहस बढी तो बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी एकत्र हो गए। एसपी सिटी विनायक भोंसले भी वहां पहुंचे। एसपी सिटी ने विक्रांत वशिष्ठ को समझाया और नियमों की जानकारी देकर मोबाइल बाहर ही रखने की अपील की। जिसके बाद विक्रांत वशिष्ठ मोबाइल बाहर रखकर मतगणना हॉल में प्रवेश कर गए। इस दौरान काफी देर तक हंगामा की स्थिति बनी रही।
मतपेटियां खोलकर बनाए मत पत्रों के बंडल
शिक्षक और स्नातक एमएलसी निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव की मतगणना के दौरान पहले 4 घंटे में मतपेटियां को खोलकर उनसे निकल मत पत्रों को सीधा करके उनके बंडल बनाने का काम जारी है। बंडल 50 मतपत्र का बनाया जा रहा है। माना जा रहा है की शिक्षक सीट पर लगभग 2:00 बजे तक और स्नातक सीट पर शाम तक मंडल बनाने का काम पूरा किया जा सकेगा।
इसके बाद मत पत्रों की छंटनी और गिनती का काम शुरू होगा। मेरठ खंड निर्वाचन क्षेत्र में शिक्षक सीट के लिए 130 और स्नातक सीट के लिए 382 बूथ बनाए गए थे। लिहाजा इतनी ही मतपेटियां मतगणना के लिए खोली जानी हैं। दोनों सीट के मतगणना स्थलों पर 14 टेबल बनाई गई है। दोनों सीट के लिए अभी तक मतपेटियां को खोलने और बंडल बनाने का काम जारी है।
