मीरजापुर में बाइक की टक्कर से मजदूर की हुई मौत, हत्या का लगा आरोप
मीरजापुर में कछवा रोड के पास बाइक की टक्कर से 60 वर्षीय खरपत्तू की मौत हो गई। मृतक के पुत्र ने आरोप लगाया है कि यह हत्या जमीन विवाद के मुकदमे के सिलसिले में की गई है और आरोपी मुकदमे के कागजात भी लेकर फरार हो गए।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
कछवा रोड पर बाइक टक्कर से खरपत्तू की दुखद मौत।
पुत्र ने जमीन विवाद के चलते हत्या का आरोप लगाया।
आरोपी मुकदमे के महत्वपूर्ण कागजात लेकर फरार हुए।
जागरण संवाददाता, मीरजापुर। वाराणसी के थाना मिर्जामुराद क्षेत्र के डोमला गांव निवासी 60 वर्षीय खरपत्तू की गुरुवार को कछवा रोड के पास बाइक की टक्कर से मौत हो गई। आरोप है कि कचहरी में चल रहे जमीन विवाद के मुकदमे के सिलसिले में जाते समय उनके विपक्षी ने बाइक से टक्कर मारकर उनकी हत्या कर दी और मुकदमे के कागजात की फाइल भी लेकर भाग गए। घटना की तहरीर थाने में दी गई है।
मृतक के पुत्र पवन कुमार ने बताया कि उनके पिता का गांव के ही एक व्यक्ति से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इस संबंध में वाराणसी कचहरी में मुकदमा चल रहा है। खरपत्तू उसी मुकदमे के सिलसिले में वाराणसी जा रहे थे, तभी यह घटना हुई। पवन कुमार ने पुलिस से मामले की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की।