विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'तुम तो वही बेटी हो ना...': लखनऊ में CM योगी को नन्हीं वाची ने दिया मुरादाबादी दाल का तोहफा, बदले में मिला ये खास सरप्राइज

Published: Fri, 06 Nov 2026 01:46 PM (IST)Updated: Fri, 06 Nov 2026 10:05 PM (IST)

लखनऊ में 'टेस्ट ऑफ उत्तर प्रदेश' कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुरादाबादी दाल के स्टॉल का दौरा किया। इस ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। पीतल नगरी मुरादाबाद की पहचान अब सिर्फ पीतल उत्पादों तक सीमित नहीं रह गई है। यहां की मशहूर मुरादाबादी दाल का स्वाद भी प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक अपनी खास पहचान बना रहा है। दैनिक जागरण की ओर से शुक्रवार को लखनऊ में आयोजित एक जिला एक व्यंजन (ओडीओसी) कार्यक्रम में मुरादाबादी दाल ने भी अपनी खास मौजूदगी दर्ज कराई।

इस आयोजन में मुरादाबाद का प्रतिनिधित्व करने पहुंचे अमित सक्सेना ने अपने स्टॉल के माध्यम से मुरादाबादी दाल की खासियत और उसकी पहचान को लोगों के सामने रखा।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मेले का भ्रमण किया। इस दौरान वह मुरादाबाद के प्रतिनिधि अमित सक्सेना के स्टॉल पर पहुंचे। यहां एक ऐसा आत्मीय और यादगार पल देखने को मिला, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

अमित सक्सेना की नन्हीं बेटी वाची ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को आवाज लगाकर अपनी ओर आकर्षित किया। वाची को देखते ही मुख्यमंत्री उसके पास पहुंचे और बड़े स्नेह के साथ बातचीत करने लगे।

मुख्यमंत्री ने वाची को पहचानते हुए कहा- 'तुम तो वही बेटी हो, जिसका मुरादाबाद के स्कूल में एडमिशन कराया था।' मुख्यमंत्री की इस बात से वहां मौजूद लोग भी भावुक और उत्साहित नजर आए।

इसके बाद वाची ने अपने हाथों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मुरादाबादी दाल का पैकेट उपहार स्वरूप भेंट किया। बच्ची के इस स्नेहपूर्ण उपहार से प्रसन्न मुख्यमंत्री ने भी उसे चॉकलेट भेंट की।

मुख्यमंत्री और नन्हीं वाची के बीच यह आत्मीय मुलाकात कार्यक्रम का खास आकर्षण बन गई। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मुरादाबादी दाल को बेहतर पहचान दिलाने के लिए उसके ब्रांडेड पैकेट तैयार कराने की सलाह भी दी।

उनका सुझाव था कि आकर्षक और व्यवस्थित पैकेजिंग के जरिए इस स्थानीय उत्पाद को बाजार में और अधिक पहचान दिलाई जा सकती है। साथ ही उन्होंने दैनिक जागरण परिवार की इस पहल के लिए आभार भी व्यक्त किया।

लखनऊ में आयोजित इस कार्यक्रम ने एक बार फिर साबित किया कि मुरादाबाद के पारंपरिक उत्पादों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचने की क्षमता है। वहीं, मुरादाबादी दाल के स्टॉल पर मुख्यमंत्री की आमद और वाची की मासूमियत भरी मुलाकात ने इस आयोजन को अमित सक्सेना परिवार के लिए भी यादगार बना दिया।

यह भी पढ़ें- सावधान! थाली का पनीर कहीं 'साबुन' तो नहीं? मुरादाबाद में डिटर्जेंट से बन रहा था नकली पनीर, 2 पर एफआईआर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।