Trending

    loading ads...
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    विकास और सुशासन के मामले में देश का मॉडल बन रहा यूपी, 2063 तक महाशक्ति बनेगा भारत

    Updated: Mon, 23 Mar 2026 12:07 AM (IST)

    राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के डा. हरीश रौतेला ने मुजफ्फरनगर में कहा कि भारत आर्थिक और सामरिक रूप से सशक्त हो रहा है, 2063 तक महाशक्ति बनेगा। उन्होंने उत् ...और पढ़ें

    News Article Hero Image

    विकास और सुशासन के मामले में देश का माडल बन रहा यूपी। जागरण

    जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पश्चिमी उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड के सह क्षेत्र प्रमुख डा. हरीश रौतेला ने कहा कि भारत तेजी से आर्थिक और सामरिक रूप से सशक्त हो रहा है और वर्तमान में विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उभर चुका है। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2063 तक भारत विश्व की महाशक्ति के रूप में स्थापित होगा।

    डा. रौतेला रविवार को डीएवी डिग्री कालेज के सभागार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आयोजित प्रमुखजन गोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज देश में किसी भी व्यक्ति की मौत भूख से नहीं होती, क्योंकि सरकार द्वारा लगभग 80 करोड़ लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराया जा रहा है।

    जब भारत का हिंदू समाज संगठित होगा तो विश्व में भारत की जय-जयकार होगी। उन्होंने संघ की 100 वर्षों की यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि उसके सकारात्मक परिणाम अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगे हैं। भारत की वायु सेना आज विश्व की तीसरी सबसे शक्तिशाली सेनाओं में गिनी जाती है।

    समाज का संगठित होना आवश्यक

    प्रयागराज में 67 करोड़ लोगों ने स्नान कर आस्था का परिचय दिया, जो भारत की सांस्कृतिक शक्ति को दर्शाता है। उत्तर प्रदेश आज विकास और सुशासन के मामले में देश का माडल बन रहा है। केवल सत्ता परिवर्तन से समाज में पूर्ण बदलाव संभव नहीं है। इसके लिए समाज का संगठित होना आवश्यक है।

    उन्होंने कहा कि हिंदू समाज आज भी जातियों में बंटा हुआ है, जबकि जो समाज संगठित होगा, वही विश्व का नेतृत्व करेगा। देश के प्रति भक्ति और कर्तव्य का भाव प्रत्येक नागरिक में होना चाहिए।

    एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव 

    गोष्ठी में मेरठ सह प्रांत बौद्धिक प्रमुख सुनील ने कहा कि पर्यावरण एवं जल संरक्षण, नागरिक कर्तव्य, परिवार व्यवस्था, सामाजिक समरसता और स्व के बोध जैसे पंच परिवर्तन को समाज के लिए आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि इन मूल्यों को अपनाकर ही एक सशक्त राष्ट्र का निर्माण संभव है।

    कार्यक्रम की अध्यक्षता कालेज के प्राचार्य प्रोफेसर योगेश कुमार ने की, जबकि संचालन संजय लखान ने किया। इस अवसर पर जिला संचालक डा. तेजवीर, जिला प्रचारक नृपेंद्र सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।