विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरनगर SSP सूरज कुमार राय की बड़ी कार्रवाई, एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने वाला दारोगा सस्पेंड

Published: Fri, 23 Oct 2026 02:06 PM (IST)

मुजफ्फरनगर के खतौली थाने के दारोगा मोहम्मद आरिफ अली को एक लाख रुपये की रिश्वत मांगने के आरोप में निलंबित कर दिया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। खतौली थाने की पमनवाली पुलिस चौकी के प्रभारी दारोगा मोहम्मद आरिफ अली को एसएसपी सूरज कुमार राय ने निलंबित किया है।

दारोगा ने अंतरराष्ट्रीय ठग नवाब उर्फ लविश चौधरी की क्रिप्टो ट्रेडिंग एवं डिजिटल टोकन में निवेश करने वाले शाहिद के बैंक खातों को अनफ्रीज करने के मामले में रिश्वत मांगी थी। जांच के बाद आरोपों की पुष्टि होने पर कार्रवाई की गई है। दारोगा ने फर्जी शिकायत पर पीड़ित को चौकी में भी बैठाया था।

मेरठ के लिसाड़ीगेट थाने में शाहिद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया गया था। आरोप था कि शाहिद ने अपनी गारंटी पर नवाब अली उर्फ लविश चौधरी की क्रिप्टो ट्रेडिंग और डिजिटल टोकन में रकम निवेश कराई थी। कुछ दिनों बाद निवेश पर लाभ मिलना बंद हो गया।

इस पर निवेशकों ने शाहिद से रकम वापस मांगी थी। वहीं, सीओ खतौली ने बताया कि खतौली निवासी सत्तार ने अगस्त में 1930 नंबर पर शिकायत की थी कि साइबर ठगों ने उन्हें लाटरी के इनाम का झांसा देकर उनसे दो खातों में साढ़े तीन हजार रुपये जमा कराकर ठगी की थी। जांच में पाया गया कि ये रुपये मेरठ निवासी फर्नीचर के कारोबारी शाहिद के खाते में गए थे। इसके बाद शाहिद के दोनों बैंक खातों को फ्रीज करा दिया गया था।

शाहिद ने मेरठ में लोगों से लविश चौधरी की ट्रेडिंग कंपनी में निवेश कराया था। खाता फ्रीज होने पर उसने खतौली पुलिस से संपर्क किया। मामले की जांच पमनावली चौकी प्रभारी आरिफ अली कर रहे थे। आरोप है कि उन्होंने खाता अनफ्रीज कराने के लिए शाहिद से एक लाख रुपये की मांग की थी। फर्जी शिकायत के बाद शाहिद को चौकी पर बैठाया गया था।

इस मामले की जांच के बाद गुरुवार को पमनावली पुलिस चौकी प्रभारी मोहम्मद आरिफ अली को निलंबित किया गया है। सीओ ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट एसएसपी को सौंप दी थी। शाहिद का खाता अगस्त में अनफ्रीज किया जा चुका है।