जीबीयू में छह साल से ऑडिट न होने पर हाई कोर्ट की फटकार, पूर्व कुलपति से मांगा जवाब
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय (GBU) में 2020 से 2026 तक वार्षिक ऑडिट न होने पर गंभीर सवाल उठाए ...और पढ़ें

जीबीयू में छह साल से ऑडिट न होने पर हाई कोर्ट की फटकार ( एआई जेनरेटेड इमेज)
HighLights
हाई कोर्ट ने जीबीयू ऑडिट न होने पर गंभीर सवाल उठाए।
पूर्व कुलपति व अधिकारियों से ऑडिट में देरी का जवाब मांगा।
फीस घोटाले के आरोपी मुदित कुमार को सशर्त जमानत मिली।
आशीष चौरसिया, ग्रेटर नोएडा। इलाहबाद हाई कोर्ट ने गौतमबुद्ध विश्वविद्यालय के ऑ़डिट से जुड़े गंभीर सवाल उठाए। कोर्ट ने कहा कि वर्ष 2020 से 2026 तक विश्वविद्यालय के खातों का वार्षिक आडिट नहीं कराया गया, जबकि विश्वविद्यालय के नियमों के तहत प्रत्येक वर्ष ऑडिट कराना अनिवार्य है।
विश्वविद्यालय के कुलपति और रजिस्ट्रार की जिम्मेदारी थी कि वे नियमों का पालन सुनिश्चित कराते। यह भी उल्लेख किया कि वर्ष 2020-2026 के बीच राज्य सरकार ने विश्वविद्यालय को ऑडिट कराने के लिए कोई पत्र नहीं भेजा गया।
नए कुलपति के कार्यभार संभालने के बाद आडिट कराने के लिए पत्र लिखे जाने पर ही प्रक्रिया आगे बढ़ी। कोर्ट ने टिप्पणी की कि तत्कालीन कुलपति ने न तो ऑडिट कराने की जिम्मेदारी निभाई और न ही अनिवार्य आडिट नहीं कराने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की।
तीन वर्षों का ऑडिट हुआ, रिपोर्ट अब तक नहीं मिली
अपर महाधिवक्ता ने कोर्ट को बताया कि वर्ष 2020-22 का आडिट प्रधान महालेखाकार (ऑडिट-1), उत्तर प्रदेश, प्रयागराज की ओर से कराया जा चुका है, लेकिन इसकी रिपोर्ट विश्वविद्यालय को प्राप्त नहीं हुई है। हाई कोर्ट ने प्रधान महालेखाकार (ऑडिट-1) को निर्देश दिया कि सक्षम प्राधिकारी को ऑडिट रिपोर्ट नहीं सौंपे जाने का कारण बताया जाए।
विश्वविद्यालय का संचालन सार्वजनिक धन से होता है। ऐसे में खातों का आडिट नहीं होना गंभीर विषय है। राज्य सरकार को यह भी बताना होगा कि भविष्य में ऐसी लापरवाही रोकने के लिए क्या निगरानी व्यवस्था लागू की जाएगी। मामले की अगली सुनवाई 30 नवंबर को होगी।
फीस घोटाले में मुदित को जमानत
हाई कोर्ट ने जीबीयू के फीस घोटाला मामले में आरोपित मुदित कुमार को 2.70 लाख रुपये जमा करने के बाद कंडीशनल जमानत दे दी है। मुदित कुमार विश्वविद्यालय के अकाउंट विभाग में असिस्टेंट था। उस पर छात्रों की जमा फीस को विश्वविद्यालय के खातों में न दिखाने और हेराफेरी का आरोप है।
वह 27 मई 2026 से जेल में था। कोर्ट ने कहा कि उसका कोई आपराधिक इतिहास नहीं है और उसने 2.70 लाख रुपये की विवादित राशि जमा कर दी है, इसलिए जमानत का हकदार है।
12 आरोपियों पर मामला दर्ज..
बता दें कि जीबीयू के प्रभारी रजिस्ट्रार सीके सिंह की तहरीर के आधार पर ईकोटेक एक कोतवाली में वित्तीय वर्ष 2024-25 में आठ स्कूलों के विभिन्न विभागों द्वारा जमा फीस में पांच करोड़ के गबन का आरोप में तत्कालीन कुल सचिव डॉ विश्वास त्रिपाठी समेत 12 आरोपितों पर मामला दर्ज किया गया था।
इसमें तत्कालीन कुल सचिव डॉ विश्वास त्रिपाठी, तत्कालीन वित्त अधिकारी नीरज कुमार, तत्कालीन लेखाधिकारी शिलेंद्र कुमार शर्मा, लेखा अनुभाग के मुदित कुमार, विजय प्रताप सिंह, डेटा एंट्री आपरेटर मुकेश पांडेय, शिव कुमार, शिवम चट्ठा, संदीप, श्याम, नवीन और सुभाष शर्मा शामिल थे। आरोप है कि कुछ विद्यार्थियों की ओर से जमा की गई फीस विश्वविद्यालय के खातों में प्रदर्शित नहीं हो रही थी।
राज्य सरकार की ओर से जमानत का विरोध किया गया, लेकिन आरोपित के आपराधिक इतिहास या जांच में सहयोग नहीं करने से संबंधित कोई ठोस तथ्य प्रस्तुत नहीं किया गया। कोर्ट ने कहा कि जमानत नियम है और जेल अपवाद।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।