ग्रेटर नोएडा: 23वीं मंजिल से गिरकर दिल्ली सचिवालय के अफसर व बेटे की मौत, फूल तोड़ते फिसला था बच्चा, बचाने में हुआ हादसा
ग्रेटर नोएडा की महागुन मायवुड्स सोसाइटी में शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां 23वीं मंजिल से गिरकर पिता और 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई।
HighLights
महागुन मायवुड्स सोसाइटी में दर्दनाक हादसा।
23वीं मंजिल से गिरे पिता-पुत्र, जाना था खाटू श्याम।
बेटे को बचाने के प्रयास में पिता की भी हो गई मौत।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा।बिसरख कोतवाली क्षेत्र की महागुन मायवुड्स सोसाइटी में शुक्रवार तड़के करीब 4:20 बजे दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। टावर-23 की 23वीं मंजिल से गिरकर पिता रणदीप पात्रा (40) और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव की मौत हो गई। मृतक रणदीप पात्रा दिल्ली स्थित केंद्रीय सचिवालय में सेक्शन ऑफिसर के पद पर तैनात थे।
बालकनी में सीढ़ी लगाकर फूल तोड़ रहा था बेटा
पुलिस के मुताबिक रणदीप, बेटा आरव और पत्नी तीनों टावर-23 में रहते हैं। परिवार शुक्रवार सुबह खाटू श्याम जाने की तैयारी कर रहा था। पूजा के लिए रणदीप और आरव बालकनी में सीढ़ी लगाकर फूल तोड़ रहे थे। पत्नी घर में तैयार हो रही थीं।

बालकनी से लटकने पर बचाने दौड़े पिता
इसी दौरान आरव का पैर सीढ़ी से फिसल गया और वह बालकनी से लटक गया। बेटे को बचाने के लिए पिता रणदीप दौड़े, लेकिन दोनों फिसलकर 23वीं मंजिल से नीचे गिर गए। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
112 पर सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को अस्पताल भेजा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा प्रवीण रंजन सिंह ने बताया - शुक्रवार सुबह 4:20 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि मायवुड्स सोसाइटी में दो लोग ऊंचाई से गिर गए हैं। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की सभी पहलुओं से गहनता से जांच की जा रही है।

पत्नी ने बताई कैसे घटी दुर्घटना?
पत्नी ने बताया, 'शुक्रवार को परिवार खाटू श्याम में जमीन की रजिस्ट्री कराने जा रहा था, उससे पहले मंदिर में दर्शन की योजना थी। बालकनी में पौधे लगे हैं। कई पेड़ ग्रिल के सहारे छत तक फैले हैं। फूल तोड़ने के लिए सीढ़ी का इस्तेमाल करते हैं। पूजा के लिए पति और बेटा फूल तोड़ने लगे। बेटा सीढ़ी पर चढ़कर फूल तोड़ रहा था, तभी पैर फिसला और वह बाहर गिर गया। उसने रेलिंग पकड़ ली।'
फर्श गीली होने से हुआ हादसा
उन्होंने बताया, 'बेटे को इस हाल में देख रणदीप बचाने दौड़े, ऊपर खींचने के दौरान उनका भी पैर फिसला और दोनों गिर गए। हादसे के वक्त पत्नी अंदर तैयार हो रही थीं, चीख सुनकर बाहर आईं तो नीचे दोनों के शव दिखे।' आशंका जताई जा रही है कि वर्षा के कारण फर्श गीली होने से पैर फिसलने से यह हादसा हुआ है।
