नोएडा की सड़कों पर भू-माफिया का कब्जा, अट्टा की सर्विस रोड पर खड़ा कर दिया मॉल; मेट्रो अलाइनमेंट तक बदला
नोएडा में अतिक्रमणकारियों ने मास्टर प्लान की नौ मीटर चौड़ी सर्विस रोड पर कब्जा कर लिया है, जिससे यातायात बाधित हो रहा है और अवैध निर्माण हो रहे हैं।

अट्टा मार्केट में गायब हो गई सर्विस रोड। फोटो: जागरण
HighLights
नोएडा में मास्टर प्लान की नौ मीटर सर्विस रोड पर अतिक्रमण
अतिक्रमणकारियों ने अवैध निर्माण कर कई सर्विस रोड को अवरुद्ध किया
माफिया ने मेट्रो परियोजना के अलाइनमेंट को भी प्रभावित किया
कुंदन तिवारी, नोएडा। एक से अधिक सेक्टर में लोग आसानी से आ-जा सकें, इसके लिए नियोजित शहर में सर्विस रोड की परिकल्पना हुई है। इसका विशेष महत्व यह भी है कि सेक्टरों से निकलने वाला यातायात अचानक और सीधे मुख्य मार्ग पर न आ सके।
शहर में जाम की समस्या न हो। वहीं, कुछ समय से नोएडा में माफिया सर्विस रोड पर अतिक्रमण करने में जुटे हैं। तमाम सड़कों पर सर्विस रोड को खत्म करने का काम माफिया की ओर से किया जा रहा है।
यदि दादरी-सूरजपुर-छलेरा मार्ग की बात करें, तो यहां सेक्टर-दो से सेक्टर-37 तक सर्विस रोड का निर्माण नोएडा प्राधिकरण ने इसलिए किया था, ताकि औद्योगिक सेक्टर व आवासीय सेक्टर को आपस में जोड़ा जा सके।
यहां से आंतरिक सड़कों के साथ सर्विस रोड पर भी लोग आ-जा सकें। यहां के कारोबारी गोल्फ कोर्स तक जाने के लिए मुख्य मार्ग पर आने से बचें, पर सेक्टर-दो से सर्विस रोड सेक्टर-तीन व रजनीगंधा चौक पहुंचते-पहुंचते दम तोड़ने लगी है। अधिकांश जगहों पर सर्विस रोड ब्लॉक है।

सर्विस रोड घेरकर बनाई पार्किंग और बहुमंजिला मार्केट
सेक्टर-19 में सर्विस रोड के किनारे जिनके आवासीय भूखंड हैं, उन्होंने सर्विस रोड को अपनी पार्किंग के लिए घेर लिया है। सेक्टर-27 में सब मॉल के पास सर्विस रोड दिखती है, पर अट्टा बाजार में नौ मीटर सर्विस रोड पर करीब 950 मीटर लंबी सड़क पर बहुमंजिला मार्केट बना दी गई है।
इसमें बड़े-बड़े कमर्शियल टावर खड़े हैं। इसके आगे सेक्टर-28 की मोटर मार्केट 550 मीटर सर्विस रोड पर कब्जा कर बनाई जा चुकी है। सेक्टर-29 में सर्विस रोड दिखाई देती है, जो गोल्फ कोर्स तक अभी बची हुई है।
वह इसलिए कब्जा नहीं हो सकी है, क्योंकि यहां गोल्फ कोर्स में आने-जाने वाले लोगों के लिए वाहन पार्किंग कराई जा रही है। यदि आप सेक्टरों के मास्टर प्लान को देखेंगे तो अभी भी आपको नौ मीटर की सर्विस रोड सेक्टर के बाहर दिखाई देगी।
यह हाल केवल अट्टा बाजार तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे शहर के सेक्टरों की कमोबेश यही स्थिति है। एमपी वन, टू व थ्री को देखें तो कहीं सर्विस रोड दिखाई दे रही है और कहीं पूरी तरह से माफिया की ओर से अतिक्रमण की जा चुकी है।

परियोजना बदलवाने की ताकत रखते हैं माफिया
अट्टा मार्केट ट्रेडर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष डाॅ. सीबी झा ने बताया कि नोएडा में ब्लू लाइन मेट्रो परियोजना का प्रवेश हुआ। इस प्रवेश में जब अट्टा बाजार के बाहर से गुजारने के लिए अलाइनमेंट तैयार किया जाना था तो इस परियोजना के बीच में अट्टा बाजार की 242 दुकानें आ गईं, जिन्हें बिना तोड़े मेट्रो का स्टेशन यहां तैयार नहीं किया जा सकता था।
मेट्रो पिलर से बेसमेंट खोदने के नियम से लेकर मेट्रो प्रशासन ने आपत्ति जताई थी। स्टेशन से नीचे लोगों को उतारने के लिए सीढ़ियां बनाई जानी थीं, पर माफिया ने यहां भी अपनी ताकत का इस्तेमॉलकिया।
242 दुकानों को तोड़ने से बचा लिया व साठगांठ कर मेट्रो स्टेशन की सीढ़ियों के उतरने का अलाइनमेंट बदलवा दिया, जो आज भी शहर में चर्चा का विषय है।
यदि अतिक्रमण को हटाने के लिए वर्क सर्किल की ओर से ध्वस्तीकरण की फाइल चलाई जाती है तो निश्चित ही उन्हें पर्याप्त सरकारी मशीनरी उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे अभियान चलाकर मास्टर प्लान से छेड़छाड़ करने वालों पर अंकुश लगा सकें।
-इंदु प्रकाश सिंह, ओएसडी, नोएडा प्राधिकरण
यह भी पढ़ें- तेज बारिश में नोएडा एयरपोर्ट के फोरकोर्ट में पहुंचा पानी, अलर्ट कर्मचारियों ने नहीं होने दिया जलभराव
