नाेएडा एयरपोर्ट से प्रभावित 3500 परिवारों को बड़ी राहत, पुनर्वास और मुआवजा राशि को योगी सरकार की मंजूरी
उत्तर प्रदेश सरकार ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के स्टेज दो फेज वन के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए शेष मुआवजा राशि आवंटित करने को स्वीकृति दे दी है।

नोएडा एयरपोर्ट से प्रभावित परिवारों के लिए सरकार का बड़ा फैसला। फोटो: सांकेतिक
HighLights
यूपी सरकार ने पुनर्वास मुआवजा राशि को स्वीकृति दी।
करीब 3500 परिवारों का पुनर्वास कार्य अब होगा तेज।
एयरपोर्ट स्टेज दो में एमआरओ केंद्र भी बनेगा।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। नरेन्द्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट) के स्टेज दो फेज वन में हुए जमीन अधिग्रहण से प्रभावित परिवारों का पुनर्वास जल्द हो सकेगा।
प्रदेश सरकार ने इन परिवारों के पुनर्वास के लिए अधिग्रहित की जा रही जमीन के प्रभावित किसानों को मुआवजा वितरण के लिए शेष राशि आवंटित करने को स्वीकृति दे दी है।
नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड में शामिल नोएडा प्राधिकरण, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण व यमुना प्राधिकरण को भी अपनी अंशधारिता के सापेक्ष यह धनराशि देनी होगी।
1365 हेक्टेयर जमीन से प्रभावित हैं साढ़े तीन हजार परिवार
स्टेज दो फेज वन में एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 1365 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की गई है। इस जमीन अधिग्रहण से करीब साढ़े तीन हजार परिवार प्रभावित हैं। इन परिवारों का पुनर्वास फैलेदा बांगर और मॉडलपुर में प्रस्तावित है।
इसके लिए सादुल्लापुर उर्फ मॉडलपुर, जेवर बांगर, मेहंदीपुर बांगर, करौली बांगर, फैलेदा बांगर, धनुवास और तिरथली गांव की 189 हेक्टेयर जमीन अधिग्रहित की जा रही है।
प्रदेश सरकार ने 1031 करोड़ रुपये की दी स्वीकृति
इस जमीन के अधिग्रहण के लिए 8,913,456,831 रुपये में से 6,171,719,006 रुपये पूर्व में जारी किए गए थे। शेष 2,751,737,825 रुपये में से प्रदेश सरकार ने अपनी अंशधारिता के सापेक्ष 1,031,901,684 रुपये जारी करने की स्वीकृति दे दी है।
इसके लिए जिला प्रशासन ने शासन से अनुरोध किया था। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए गठित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) में प्रदेश सरकार और नोएडा प्राधिकरण की अंशधारिता 37.5-37.5 प्रतिशत, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण और यमुना प्राधिकरण की 12.5-12.5 प्रतिशत है।
तीनों प्राधिकरण को भी कंपनी में शामिल अपनी अंशधारिता के सापेक्ष राशि जारी करनी होगी।
एमआरओ केंद्र विकसित करने की भी योजना
शासन से मुआवजा राशि की स्वीकृति मिलने के बाद स्टेज 2 फेज वन के प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की परियोजना में तेजी आएगी। प्रदेश सरकार की योजना स्टेज दो फेज वन में अधिग्रहित 1365 हेक्टेयर जमीन में एमआरओ विकसित करने की है।
इससे जेवर नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ-साथ एयरक्राफ्ट की मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहालिंग का केंद्र भी बन जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।