विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फेस्टिवल सिटी में दुकान-ऑफिस का सपना दिखाकर नोएडा में बिल्डर ने करोड़ों लूटे, 6 डायरेक्टरों पर FIR

Published: Thu, 19 Nov 2026 12:12 AM (IST)

नोएडा के सेक्टर-143बी में फेस्टिवल सिटी परियोजना के नाम पर 88 निवेशकों से करोड़ों की धोखाधड़ी का मामला सामने आया ...और पढ़ें

फेस्टिवल सिटी के नाम पर निवेशकों को लगाया चूना। फोटो: सांकेतिक

फेस्टिवल सिटी के नाम पर निवेशकों को लगाया चूना। फोटो: सांकेतिक

जागरण संवाददाता, नोएडा। सेक्टर-143 बी स्थित फेस्टिवल सिटी (मिस्ट एवेन्यू) परियोजना के नाम पर करीब 88 निवेशकों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है।

परियोजना के निदेशकों ने निवेशकों को आईटी सेक्टर से जुड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठान और दुकानें निर्धारित समय में बनाकर देने का वादा किया था, लेकिन सालों बाद भी उन्हें न दुकानें मिलीं और न ही कार्यालय।

निवेशकों की रकम भी वापस नहीं की गई। आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू), मेरठ की जांच में धोखाधड़ी के साक्ष्य मिलने के बाद शासन की मंजूरी से छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।

छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज

आर्थिक अपराध शाखा के डीजी जयनारायण सिंह ने बताया कि ईओडब्ल्यू की ओर से 18 नवंबर को मेरठ सेक्टर थाने में मुकदमा अपराध संख्या 05/2026 दर्ज कराया गया है।

इसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 120 बी के तहत सतिंदर सिंह भसीन उर्फ मोंटू भसीन, उनकी पत्नी क्वेन्सी भसीन, हरप्रीत सिंह छाबड़ा, विनोद कुमार, युवराज अबोल, सरबजीत सिंह साहनी और रितेश गुप्ता शामिल आरोपियों को नामजद किया गया है। मामले की विस्तृत विवेचना की जाएगी।

2008 में आवंटित हुई थी एक लाख वर्गमीटर जमीन

जांच के मुताबिक नोएडा प्राधिकरण ने वर्ष 2008 में आनंद इन्फो एज प्राइवेट लिमिटेड को सेक्टर-143 में प्लाट नंबर-1 पर आईटी सेक्टर से जुड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के निर्माण और बिक्री के लिए एक लाख वर्गमीटर जमीन आवंटित की थी।

वर्ष 2012 में प्राधिकरण ने इस भूखंड को सेक्टर-143बी में आवंटित कर दिया। इसका मानचित्र 26 अक्टूबर 2012 को स्वीकृत हुआ था। इसके बाद कंपनी के निदेशकों ने मिस्ट एवेन्यू और फेस्टिवल सिटी के नाम से योजना लांच की।

योजना के तहत निवेशकों को तय समय में दुकानें और कार्यालय बनाकर देने थे। आरोप है कि निदेशकों ने निवेशकों से करोड़ों रुपये जुटाए, लेकिन परियोजना का निर्माण पूरा नहीं कराया।

ईओडब्ल्यू की जांच में भूखंड पर आंशिक निर्माण ही मिला। निवेशकों से रकम लेने के बावजूद उन्हें दुकान और कार्यालय उपलब्ध नहीं कराए गए। साथ ही उनकी जमा रकम भी वापस नहीं की गई।

बाइक बोट घोटाले में भी आया था भसीन का नाम

जांच में सात निदेशकों की भूमिका सामने आई। इनमें सतिंदर सिंह भसीन उर्फ मोंटू भसीन, उनकी पत्नी क्वेन्सी भसीन, हरप्रीत सिंह छाबड़ा, विनोद कुमार, युवराज अबोल, सरबजीत सिंह साहनी और रितेश गुप्ता शामिल हैं।

सतिंदर सिंह भसीन का नाम बाइक बोट घोटाले में भी आरोपी के रूप में सामने आ चुका है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने 6 जुलाई 2021 को सतिंदर सिंह भसीन के खिलाफ किसी भी कानूनी कार्रवाई से पहले अदालत की अनुमति लेने का आदेश दिया था।

इसी आदेश के अनुपालन में शासन ने फिलहाल छह आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर विस्तृत जांच कराने की मंजूरी दी है। अब ईओडब्ल्यू मामले में निवेशकों से जुटाई गई रकम और आरोपियों की भूमिका की जांच करेगी।

यह भी पढ़ें- 'नया नोएडा' में किसानों के लिए बनेगा स्पेशल हॉल, चोला के पास होगा अथॉरिटी का नया दफ्तर; UPSIDA से लेंगे जमीन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।