नोएडा में सास-बहू के बिगड़ते रिश्ते, अब काउंसलिंग से मिल रही रिश्तों को नई जान
नोएडा में सास-बहू के बीच बढ़ती सोच और अपेक्षाओं की दूरी रिश्तों में तनाव बढ़ा रही है, जिससे हर महीने वन स्टॉप सेंटर में 15-20 मामले आ रहे हैं। काउंसलर्स संवाद और आपसी समझ से इन विवादों को सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं, ताकि परिवार में सौहार्द बना रहे।

अब काउंसलिंग से मिल रही रिश्तों को नई जान ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
नोएडा में सास-बहू विवाद के 15-20 मामले हर माह।
अपेक्षाएं और संवादहीनता रिश्तों में बढ़ा रही हैं तनाव।
काउंसलिंग से आपसी समझ और समाधान की तलाश।
स्वाति भाटिया, नोएडा। घर एक, रसोई एक और परिवार भी एक है, लेकिन सोच और अपेक्षाओं के बीच की दूरी रिश्तों में तनाव बढ़ा रही है। एक ओर परिवार की जिम्मेदारियां संभालती सास हैं, जिनके लिए परंपराएं और अनुशासन अहम हैं।
दूसरी ओर नौकरी, सपनों और निजी स्वतंत्रता के बीच संतुलन बनाने की कोशिश करती बहू। दोनों की अपनी परिस्थितियां और तर्क हैं, लेकिन संवाद की जगह अपेक्षाएं और शिकायतें ले लें तो छोटी बातें भी विवाद बन जाती हैं।
130 से 150 शिकायतें मिल रही हैं...
नोएडा के सेक्टर-62 स्थित वन स्टाप सेंटर में हर महीने सास-बहू के विवाद से जुड़े करीब 15 से 20 मामले पहुंचते हैं। सेंटर पर महिला हेल्पलाइन 181 पर हर महीने करीब 130 से 150 शिकायतें पहुंच रही हैं। इनमें सास-बहू जुड़े 15 से 20 मामले भी हैं।
उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में 128 और अक्टूबर में 120 शिकायतें दर्ज की गईं। काउंसलर्स बातचीत से समाधान तलाशते हैं, जबकि गंभीर मामलों में संबंधित विभाग या पुलिस की मदद ली जाती है। काउंसलर्स के अनुसार अक्सर मनमुटाव किसी बड़ी घटना से नहीं, बल्कि रोजमर्रा की बातों से शुरू होता है।
सास को लगता है कि बहू परिवार की जिम्मेदारियों से दूरी बना रही है, जबकि बहू को निजी जीवन में जरूरत से ज्यादा दखल महसूस होता है। कई गलतफहमियां बातचीत से समय रहते सुलझ सकती हैं।
रसोई की जिम्मेदारी से खटास
सेक्टर-एक्स के एक परिवार में कामकाजी बहू और सास के बीच घरेलू जिम्मेदारियों को लेकर विवाद बढ़ा। सास चाहती थीं कि नौकरी के साथ बहू घर को भी पर्याप्त समय दे, जबकि बहू को दोनों जिम्मेदारियों में संतुलन बनाना कठिन लग रहा था। काउंसिलिंग में काम बांटने और आपसी सहमति से समाधान तलाशने की कोशिश की गई।
निजी स्वतंत्रता और पारिवारिक अपेक्षाएं
सेक्टर-50 की एक महिला ने सास पर पहनावे, बाहर आने-जाने और निजी फैसलों में दखल देने का आरोप लगाया। वहीं, सास को बहू का परिवार से अलग-थलग रहना और पारिवारिक गतिविधियों में कम भाग लेना अखरता था। काउंसिलिंग में समझाया गया कि साथ रहने का अर्थ किसी की स्वतंत्रता सीमित करना नहीं और निजी स्पेस का अर्थ रिश्तों से दूरी बनाना भी नहीं है।
ग्रेटर नोएडा के एक परिवार में विवाद का असर बेटे पर पड़ने लगा। मां और पत्नी के बीच संतुलन बनाने की कोशिश में उसकी चुप्पी से तनाव बढ़ा। काउंसलर्स ने दोनों पक्षों को बताया कि पारिवारिक विवाद पूरे परिवार को प्रभावित करता है।
यह भी समझाया कि सास को बहू की बदलती जरूरतों को समझना होगा और बहू को सास के अनुभवों व जिम्मेदारियों का सम्मान करना होगा। अलग सोच के बावजूद एक-दूसरे के लिए जगह बनाना ही परिवार को मजबूत करता है।
काउंसिलिंग का उद्देश्य किसी एक पक्ष को दोषी ठहराना नहीं होता, बल्कि विवाद की वास्तविकता पता कर दोनों पक्षों के बीच संवाद करना रिश्तों को मजबूत बनाना है। सेंटर पर पहुंचने वाले पीड़ितों की मदद करना है।--मनोज कुमार सिंह, डीपीओ, महिला कल्याण विभाग
यह भी पढ़ें- सीसीएल भी होगी सूचीबद्ध, शेयर बाजार में बढ़ेगी झारखंड की कोयला कंपनियों की बढ़ी धमक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।