विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नोएडा में जहरीली हुई हवा, स्मॉग की मोटी चादर ने बनाया गैस चैंबर

Published: Fri, 13 Nov 2026 06:09 AM (GMT+05:30)

दोपहर ढलते ही नोएडा और ग्रेटर नोएडा की हवा जहरीली हो गई, जिससे शहर स्मॉग की मोटी चादर में लिपटकर ...और पढ़ें

नोएडा में जहरीली हुई हवा, स्मॉग की मोटी चादर ने बनाया गैस चैंबर (एआई जेनरेटेड इमेज)

नोएडा में जहरीली हुई हवा, स्मॉग की मोटी चादर ने बनाया गैस चैंबर (एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. नोएडा-ग्रेटर नोएडा में हवा 'बेहद खराब' श्रेणी में पहुंची।

  2. स्मॉग के कारण शहर गैस चैंबर जैसी स्थिति में बदला।

  3. आंखों में जलन, सांस लेने में तकलीफ जैसी स्वास्थ्य समस्याएं बढ़ीं।

चेतना राठौड़, नोएडा। दोपहर ढलते ही नोएडा की हवा और जहरीली होती चली गई। देखते ही देखते शहर स्मॉग की मोटी चादर में लिपट गया और गैस चैंबर जैसी स्थिति बन गई। आसमान में छाई धुंध से सूरज की किरणें भी नहीं दिखीं।

कोहरे का भ्रम पैदा करने वाला यह दरअसल स्माग था। बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे नोएडा का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 335 अंक, जबकि ग्रेटर नोएडा का एक्यूआई 317 दर्ज किया गया।

दोनों शहरों की हवा बेहद खराब श्रेणी में रही। लोगों को आंखों में जलन, नाक में खुजली, सांस फूलने जैसी स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हुईं। परेशानी बढ़ने पर लोग इसको एक्यूआइ कम दिखाने के लिए आंकड़ों की बाजीगरी भी मान रहे हैं।

ग्रेटर नोएडा पर प्रदूषण का गहरा असर

बढ़ते प्रदूषण का असर ग्रेटर नोएडा में भी दिखा। हवा की गति घटकर सात से आठ किमी प्रति घंटे रह गई। हवा की सुस्त रफ्तार से धूल व धुएं के कण निचली सतह पर जमा होते रहे। पर्टिकुलेट मैटर (पीएम) 2.5 और पीएम 10 का स्तर शहर की हवा में सामान्य से पांच से छह गुना अधिक है।

इस स्थिति में बच्चों और बुजुर्ग के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव दिख सकता है। शुक्रवार को भी हवा की गति सुस्त होने से स्माग की चादर ओढ़े शहर रह सकता है।

मौसम विज्ञानी महेश पलावत के अनुसार, अगले कुछ दिन हवा की गति धीमी रहने से प्रदूषण बरकरार रह सकता है। दिनभर आसमान में छाए स्माग का असर लोगों की सेहत पर भी दिखने लगा है। घर से बाहर निकलते ही लोगों को आंखों में चुभन व नाक में तेज जलन महसूस हो रही है।

हवा में घुले प्रदूषक तत्वों के कारण गले में कफ व सांस लेने में परेशानी हो रही है। ऐसे में बिना मास्क और आंखों पर चश्मा लगाए घर से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है।

सेक्टर-62 सबसे प्रदूषित

ग्रेप-3 (ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान) की पाबंदियां लागू होने के बाद भी प्रदूषण कम होने का नाम नहीं ले रहा है। व्यस्त समय में शाम पांच बजे के बाद नोएडा में सेक्टर-62 सबसे प्रदूषित दर्ज किया गया, जहां वायु गुणवत्ता सूचकांक 417 अंक रहा। यह गंभीर श्रेणी में है। पूरे सेक्टर में जगह-जगह मिट्टी के ढेर लगे हैं।

वाहनों की आवाजाही से धूल उड़कर हवा में फैल रही है। पानी का छिड़काव करने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन ये प्रयास नाकाफी साबित हो रहे हैं।

अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की भीड़

प्रदूषण का सीधा असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी दिखने लगा है। जिला अस्पताल की ओपीडी में सांस, आंख और नाक से जुड़ी समस्याओं के मरीजों की संख्या में 11 से 12 प्रतिशत की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

सामान्य दिनों में जहां ओपीडी में ऐसे करीब 100 मरीज पहुंचते थे, वहीं प्रदूषण बढ़ने के बाद यह संख्या 130 से 140 तक पहुंच गई है। जब तक हवा की गति तेज नहीं होती और वायु गुणवत्ता में सुधार नहीं आता, तब तक बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

ऐसे करें बचाव

जिला अस्पताल के वरिष्ठ परामर्शदाता डॉ पंकज त्रिपाठी ने बताया कि मास्क लगाकर ही घर से बाहर निकलें। बाहर जाते समय आंखों पर चश्मा पहनें। आंखों में जलन होने पर साफ पानी से धोएं।

यह भी पढ़ें- ग्रेप के नियमों का उल्लंघन करने वालों पर शिकंजा, नोएडा में 541 वाहनों का चालान; 53 लाख वसूला जुर्माना

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।