विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

प्रयागराज: 40 घंटे से अधिक सफर वाली ट्रेनों में हर 2 घंटे में होगी सफाई, इसी हफ्ते लागू होंगी नई व्यवस्थाएं

Published: Tue, 06 Oct 2026 03:13 AM (IST)

रेलवे ने 40 घंटे से अधिक की यात्रा वाली 11 लंबी दूरी की ट्रेनों में हर दो घंटे में सफाई ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. 40 घंटे से अधिक यात्रा वाली ट्रेनों में हर दो घंटे में सफाई।

  2. ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग (OBHS) से कचरा संग्रहण और मरम्मत की सुविधा।

  3. रेल मदद पोर्टल से जुड़ी शिकायतों की साप्ताहिक समीक्षा होगी।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रेलवे ने 40 घंटे से अधिक का सफर तय करने वाली देश की 11 प्रमुख लंबी दूरी की ट्रेनों में अब हर दो घंटे में सफाई होगी। 11 प्रमुख ट्रेनों से इसकी शुरुआत होगी, सभी जोनल रेलवे इसी सप्ताह इसकी शुरुआत कर देंगे। पहले रास्ते में कचरा डस्टबिन भर जाने पर कोई अतिरिक्त प्रबंधन नहीं थे। नई आन-बोर्ड हाउसकीपिंग (ओबीएचएस) व्यवस्था के तहत जनरल और स्लीपर सहित सभी कोचों में सफाईकर्मी हर दो घंटे में खुद घूमकर यात्रियों से कचरा इकट्ठा करेंगे।

ट्रेन में तैनात सफाईकर्मियों को छोटी-मोटी मरम्मत की ट्रेनिंग दी जाएगी। साथ ही तय सीटीएस स्टेशनों पर प्लंबर और इलेक्ट्रीशियन की विशेष टीमें तैनात रहेंगी। ट्रेन के स्टेशन पहुंचने से पहले ही खराबियों की सूचना इन टीमों को दे दी जाएगी, ताकि गाड़ी रुकते ही कुछ ही मिनटों में नल या बिजली की खराबी ठीक कर दी जाए। यात्रा शुरू होने से लेकर रास्ते के प्रमुख स्टेशनों तक बायो-टायलेट्स की पूरी जांच होगी ताकि लंबा सफर होने पर भी शौचालय जाम न हों।

कोच और शौचालयों की सफाई की वास्तविक स्थिति जानने के लिए तय स्टेशनों पर तारीख और समय दर्ज (टाइम-स्टैंप्ड) वाली तस्वीरें ली जाएंगी, जिनकी निगरानी अधिकारी करेंगे। रेलवे बोर्ड के सदस्य (कर्षण एवं चल स्टाक) व पदेन सचिव आर. राजगोपाल के अनुसार रेल मदद पोर्टल पर दर्ज होने वाली यात्रियों की शिकायतों को ओबीएचएस पोर्टल से जोड़ दिया गया है। जोनल स्तर पर अधिकारी हर हफ्ते इन शिकायतों की समीक्षा करेंगे। सफाई एजेंसियों का भुगतान और अधिकारियों का परफार्मेंस इन्हीं शिकायतों के निपटारे के आधार पर तय होगा।

इन ट्रेनों में ट्रायल
देश के सबसे लंबे रेल रूटों वाली 11 ट्रेनों में ट्रायल शुरू किया गया है। इनमें विवेक एक्सप्रेस (डिब्रूगढ़–कन्याकुमारी), अवध असम एक्सप्रेस (डिब्रूगढ़–लालगढ़), आरकेएमपी–अगरतला एक्सप्रेस, अहमदाबाद–सहरसा एक्सप्रेस, दानापुर–एसएमवीबी बेंगलुरु एक्सप्रेस, पुणे–एसओयू (स्टैच्यू आफ यूनिटी) एक्सप्रेस, आम्रपाली एक्सप्रेस (कटिहार–अमृतसर), झेलम एक्सप्रेस (पुणे–जम्मू तवी), राजगीर–एलटीटी मुंबई एक्सप्रेस, हावड़ा–यशवंतपुर एक्सप्रेस और अमृतसर–सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस शामिल हैं। इनमें से प्रयागराज छिवकी होकर गुजरने वाली राजगीर-एलटीटी और आरकेएमपी-अगरतला एक्सप्रेस के यात्रियों को भी इस नई व्यवस्था का सीधा लाभ मिलेगा।

यह भी पढ़ें- इलाहाबाद हाई कोर्ट की पहल से मुस्कुराया परिवार, बच्चों का प्यार और पति के आश्वासन पर एक हुए दंपति