नवंबर-दिसंबर में शुरू होगा प्रयागराज एयरपोर्ट पर रनवे का विस्तार, प्रभावित होंगी कई फ्लाइट्स
प्रयागराज एयरपोर्ट पर नवंबर-दिसंबर में हवाई पट्टी के विस्तार का काम शुरू होगा, जिससे विमान सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

प्रयागराज एयरपोर्ट
HighLights
प्रयागराज एयरपोर्ट पर नवंबर-दिसंबर में रनवे विस्तार शुरू होगा।
विस्तार से विमान सेवाएं कुछ समय के लिए प्रभावित होंगी।
महाकुंभ 2031 हेतु बड़े विमानों का संचालन सुगम होगा।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। नवंबर से दिसंबर के बीच में प्रयागराज एयरपोर्ट की हवाई पट्टी के विस्तार का काम शुरू होगा। इससे विमान सेवा प्रभावित हो सकती है और कुछ दिनों तक विमानों का आवागमन भी बंद किया जा सकता है। मुख्य रनवे के विस्तार और उसे नवनिर्मित टैक्सीवे से जोड़ने के तकनीकी कार्य को गति देने के लिए भारतीय वायुसेना ट्रैफिक ब्लॉक लेने की तैयारी में है।
निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा कारणों से विमानों की लैंडिंग और टेकआफ दोनों कुछ-कुछ दिनों के लिए या तो बंद रहेंगे या उन्हें बनारस, लखनऊ आदि स्थानांतरित किया जाएगा।
विमान सेवाओं पर यात्रियों की निर्भरता को देखते हुए वायुसेना इसे एकमुश्त करने के बजाय कई चरणों में पूरा करेगी, ताकि उड़ानों का संचालन लंबे समय तक प्रभावित न रहे। योजना के तहत बमरौली एयरपोर्ट की मौजूदा लगभग 2700 मीटर लंबी हवाई पट्टी का करीब 600 मीटर और विस्तार किया जाना है।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज में फिर करवट लेगा मौसम, 29 अक्टूबर को होगी बारिश; 30-31 को भी छाए रहेंगे बादल
विस्तारीकरण के बाद यहां दिल्ली, मुंबई और बेंगलुरु जैसे प्रमुख महानगरों से आने वाले बड़े बोइंग विमानों का संचालन सुगम हो जाएगा। यह कदम वर्ष 2031 में आयोजित होने वाले महाकुंभ और संगम नगरी में तेजी से बढ़ते पर्यटन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा।
रनवे इंटरकनेक्शन व विस्तार कार्य के लिए ब्लाक लिया जाना प्रस्तावित है। हालांकि, अभी इसकी तारीखें तय नहीं की गई हैं। जैसे ही तिथियों पर अंतिम निर्णय होगा, यात्रियों की सुविधा के लिए सूचना जारी कर दी जाएगी।- देवार्थों धर, विंग कमांडर एवं प्रवक्ता, रक्षा विभाग
