19 नवंबर से प्रयागराज में बदलेगा रोडवेज बसों का रूट, कई प्रमुख मार्गों पर रहेगी रोक
41वीं इंदिरा मैराथन के कारण 19 नवंबर को प्रयागराज में रोडवेज बसों के संचालन में बदलाव किया गया है।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
41वीं इंदिरा मैराथन के लिए रोडवेज बसों के रूट बदले।
लखनऊ, कानपुर सहित कई शहरों की बसें वैकल्पिक मार्ग से चलेंगी।
सिविल लाइंस और विद्यावाहिनी गेट पर बसों का आवागमन प्रतिबंधित।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। 41वीं इंदिरा मैराथन के आयोजन को देखते हुए शहर में रोडवेज बसों के संचालन की व्यवस्था में बदलाव किया गया है। 19 नवंबर को लखनऊ, प्रतापगढ़, वाराणसी, कानपुर, रीवा और बांदा की ओर से आने-जाने वाली रोडवेज बसें निर्धारित वैकल्पिक मार्गों से संचालित की जाएंगी।
इसके तहत शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों पर बसों के आवागमन को नियंत्रित किया जाएगा, ताकि मैराथन के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो। निर्धारित व्यवस्था के अनुसार लखनऊ, प्रतापगढ़ और वाराणसी की तरफ से आने वाली सभी रोडवेज बसें एनएच-19 (पुराना नाम एनएच-2) का प्रयोग करेंगी।
ये बसें सहसों से अंदावा और शास्त्री ब्रिज होते हुए सरदार पटेल संस्थान के सामने से परेड ग्राउंड में प्रवेश करेंगी। वापसी में बसें जेटीटीओ चौराहे से अपने निर्धारित गंतव्य की ओर रवाना होंगी। इसी तरह कानपुर की तरफ से आने और जाने वाली सभी रोडवेज बसों का संचालन नेहरू पार्क से किया जाएगा।
रीवा और बांदा की ओर से आने-जाने वाली बसों के लिए भी अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। ये बसें गोहनिया से डायवर्ट होकर रामपुर पुलिस चौकी के रास्ते नैनी होते हुए लेप्रोसी चौराहे से पहले नवप्रयागम से संचालित होंगी।
यातायात व्यवस्था में बदलाव के तहत सिविल लाइंस क्षेत्र और विद्यावाहिनी रोडवेज गेट पर इंदिरा मैराथन के दौरान सभी प्रकार की रोडवेज बसों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
यह भी पढ़ें- प्रयागराज में युवाओं को नौकरी के अवसर, दो दिवसीय रोजगार मेला 17 नवंबर से लगेगा, 120 कंपनियां लेंगी हिस्सा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।