प्रयागराज में चौक में बनेगी भूमिगत पार्किंग, 200 कार व 400 बाइक एक साथ खड़ी हो सकेंगी, जाम से मिलेगी राहत
प्रयागराज के चौक स्थित मीना बाजार में 25 करोड़ की लागत से भूमिगत पार्किंग और कामर्शियल कांप्लेक्स बनेगा। इसमें एक साथ 200 कार और 400 बाइक खड़ी हो सकेंगी, जिससे जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

प्रयागराज नगर निगम चौक के मीना बाजार के पास भूमिगत पार्किंग बनाएगा।
HighLights
2500 वर्ग मीटर में पार्किंग और कामर्शियल कांप्लेक्स बनाने की है तैयारी
25 करोड़ की लागत से होगा निर्माण, जाम की समस्या से मिलेगी निजात
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। चौक और घंटाघर आने वाले लोगों को जल्द ही पार्किंग की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। नगर निगम की ओर से मीना बाजार के पास भूमिगत पार्किंग के साथ कामर्शियल कांप्लेक्स का निर्माण कराया जाएगा। करीब 2500 वर्ग मीटर जमीन पर विकसित होने वाली इस परियोजना पर 25 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे।
जिला प्रशासन जमीन उपलब्ध कराएगा
पार्किंग में एक साथ 200 से अधिक चारपहिया और 400 से अधिक दोपहिया वाहन खड़े किए जा सकेंगे। पार्किंग बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से जमीन उपलब्ध कराई जाएगी। जमीन मिलने के बाद नगर निगम इसकी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कराएगा। इसके आधार पर निर्माण कार्य की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
दुकानों,अन्य व्यावसायिक स्थानों की नीलामी होगी
पार्किंग का निर्माण पूरा होने से चौक और घंटाघर क्षेत्रों में बेतरतीब वाहन खड़े होने से प्रतिदिन लगने वाले जाम की समस्या कम हो जाएगी। भूमिगत पार्किंग के साथ व्यावसायिक परिसर भी विकसित किया जाएगा। खास बात यह है कि कांप्लेक्स के निर्माण के दौरान ही दुकानों और अन्य व्यावसायिक स्थानों की नीलामी कराई जाएगी।
चौक क्षेत्र में लोगों को पार्किंग के लिए परेशान न होना पड़े इसके लिए मीना बाजार के पास अंडर ग्राउंड पार्किंग बनाने की तैयारी चल रही है। जिला प्रशासन से जमीन उपलब्ध होने के बाद निर्माण तेजी से किया जाएगा।
- दिनेश चंद्र सचान, मुख्य अभियंता, नगर निगम, प्रयागराज।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।