प्रयागराज: फाफामऊ सिक्सलेन पुल की धीमी प्रगति पर परियोजना निदेशक से स्पष्टीकरण, DM ने दिखाई सख्ती
डीएम मनीष कुमार वर्मा ने प्रयागराज में फाफामऊ सिक्सलेन पुल के निर्माण में धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने न्य परियोजनाओं का भी निरीक्षण किया।

फाफामऊ पुल निर्माण में देरी पर डीएम ने अधिकारियों से जवाब मांगा है।
HighLights
विधि विश्वविद्यालय की निरीक्षण आख्या रिपोर्ट न देने पर सहायक आयुक्त सहकारिता पर भी कार्रवाई
इस पुल को महाकुंभ 2025 के पहले बनना था लेकिन अभी तक इसे पूरा नहीं किया जा सका है
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। गंगा पर फाफामऊ सिक्सलेन पुल के निर्माण में शुरू से लापरवाही बरती जा रही। जो प्रोजेक्ट महाकुंभ 2025 के पहले बनना था, वह अभी पूरा नहीं हो सका है। शनिवार को डीएम मनीष कुमार वर्मा ने पुल के निरीक्षण में कार्य की प्रगति धीमी मिलने पर कड़ी नाराजगी जताई।
हर हाल में अक्टूबर तक पूरा करने के निर्देश
डीएम ने सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्रालय के प्रोजेक्ट डायरेक्टर नुसरत उल्ला खान से स्पष्टीकरण देने के निर्देश दिए। डीएम ने कार्य में तेजी लाते हुए प्रत्येक दशा में प्रोजेक्ट को अक्टूबर तक पूर्ण कराने को कहा। जिलाधिकारी ने श्रमशक्ति और संसाधनों को बढ़ाकर दो शिफ्टों में कार्य कराते हुए शीघ्र पूर्ण कराने के लिए निर्देशित किया।
राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय निर्माण का भी निरीक्षण किया
झलवा में राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के निर्माण कार्य का स्थलीय निरीक्षण कर डीएम ने कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी के सहायक अभियंता से जानकारी प्राप्त की। निर्माण कार्य नवंबर के प्रथम सप्ताह तक पूरा होगा। डीएम ने निरीक्षण को नामित नोडल अधिकारी सहायक आयुक्त सहकारिता साधना सिंह द्वारा निरीक्षण आख्या न देने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उनसे स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। नोडल अधिकारी के रूप में डीडीओ जीपी कुशवाहा को नामित करने के लिए कहा। कार्यदायी संस्था को ड्रेनेज सिस्टम की व्यवस्था करने के साथ पार्किग कार्य को समय से पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
इस मामले में प्रोजेक्ट मैनेजर से मांगा स्पष्टीकरण
ईवीएम वेयर हाउस के निर्माण को देखने पहुंचे डीएम ने सितंबर तक काम पूरा करने को कहा। कार्य की प्रगति धीमी होने पर कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के प्रोजेक्ट मैनेजर अभिनव कुमार गुप्ता से स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के लिए निर्देशित किया। दो शिफ्ट में कार्य कराने को कहा। चेतावनी दी कि निर्धारित समय में काम पूरा नहीं हुआ तो भुगतान में कटौती की जाएगी।
