प्रयागराज में गार्ड आफ आनर के साथ सेना के जवान की अंत्येष्टि, स्कार्पियो सवारों ने की थी नृशंस हत्या, आरोपित भेजे गए जेल
प्रयागराज के करछना में सेना के जवान विवेक सिंह, जिनकी स्कार्पियो सवारों ने हत्या कर दी थी, का मनैया घाट पर सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। ...और पढ़ें

प्रयागराज के करछना के मनैया घाट ले जाने के लिए सेना के जवान विवेक सिंह को अंतिम विदाई देते भारतीय सेना के अधिकारी और जवान। जागरण
संसू, जागरण, करछना (प्रयागराज)। गंगापार में करछना के धरवारा गांव स्थित मोड़ के पास हुई सेना के जवान विवेक सिंह की हत्या के मामले में गिरफ्तार पांचों आरोपितों को करछना पुलिस ने मंगलवार सुबह जेल भेज दिया गया। वहीं, मनैया घाट पर विवेक सिंह की अंत्येष्टि की गई। सेना के जवानों ने गार्ड आफ आनर दिया। मौजूद लोगों ने हत्यारोपितों को कड़ी से कड़ी देने की मांग करते हुए मामला फास्ट ट्रैक कोर्ट में चलाने की बात कही।
चचेरी बहन की शादी में आए थे विवेक सिंह
सेना में सूबेदार रहे धरवारा निवासी उमाकांत सिंह के दो पुत्रों में छोटा 30 वर्षीय विवेक सिंह सेना में थे और दिल्ली में तैनात थे। 29 नवंबर को चचेरी बहन की शादी में शामिल होने के लिए वह घर आए थे। विवाह वाले दिन अपने दोस्त विनय जैन को कार से छोड़ने कोहड़ार बाजार गए थे। साथ में मित्र करन सिंह भी थे।
ओवरटेक को लेकर स्कार्पियो सवारों ने किया था हमला
देर रात विनय जैन को छोड़कर विवेक व करन घर लौट रहे थे। धरवारा मोड़ के पास स्कार्पियो सवारों से वाहन ओवरटेक करने को लेकर विवाद हो गया। स्कार्पियो से उतरे लोगों ने विवेक को कार से बाहर खींचा और फिर असलहा व लोहे के राड से जमकर पीटा था। विवेक को स्वजन पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र करछना और फिर लखनऊ स्थित मिलिट्री हास्पिटल ले जाकर भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान सोमवार भोर में करीब तीन बजे उनकी मौत हो गई थी।
पुलिस ने पांचों आरोपितों को किया था गिरफ्तार
पिता उमाकांत सिंह ने करछना थाने में पुलिस विभाग में रेडियो आपरेटर राजकमल पांडेय, भाई लाल यादव, राजू अग्रहरि निवासी चकराना तिवारी, सैन्यकर्मी राजीव ठाकुर निवासी गोविंदपुर चकराना तिवारी व दिनेश यादव निवासी चकराना तिवारी रामसागर चाका के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस ने पांचों आरोपिताें को गिरफ्तार कर लिया था।
पत्नी प्रतिभा पति का शव देख अचेत हुईं
सोमवार देर रात सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी में विवेक सिंह का पार्थिव शरीर उसके पैतृक गांव धरवारा लाया गया। जैसे ही एंबुलेंस गांव में पहुंची माहौल गमगीन हो उठा। स्वजन बिलख पड़े और ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं। विवेक की पत्नी प्रतिभा पति की लाश देखते ही अचेत हो गई। सभी लोग विवेक के मिलनसार स्वभाव की चर्चा कर भावुक हो गए।
मवैया घाट पर सेना के जवानों ने दिया गार्ड आफ आनर
मंगलवार की सुबह सेना के जवानों ने पूरे सम्मान के साथ विवेक को अंतिम विदाई दी। गार्ड आफ आनर देकर सलामी दी गई। इसके बाद मनैया घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। थाना प्रभारी अनूप सरोज ने बताया कि घटना में शामिल सभी आरोपितों को जेल भेज दिया गया है। इसके पहले पूछताछ की गई तो आरोपितों ने बताया कि वह विवेक को पहले से नहीं जानते थे। वाहन ओवरटेक करने को लेकर विवाद हुआ था और घटना हो गई।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।