विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रेलवे में स्टेशन मास्टर के 1265 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन शुरू, आयु सीमा में किया गया बड़ा बदलाव

Published: Tue, 27 Oct 2026 09:20 AM (IST)

रेलवे भर्ती बोर्ड ने स्टेशन मास्टर के 1265 पदों के लिए CEN 8/2026 अधिसूचना जारी की है, जिसके लिए आवेदन प्रक्रिया 27 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगी।।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. रेलवे ने स्टेशन मास्टर के 1265 पदों की भर्ती निकाली।

  2. आवेदन प्रक्रिया 27 अक्टूबर से 25 नवंबर तक जारी रहेगी।

  3. स्टेशन मास्टर पद पहली बार एनटीपीसी से अलग हुआ।

जागरण संवाददाता, प्रयागराज। रेलवे भर्ती बोर्ड ने स्टेशन मास्टर के 1265 पदों के लिए केंद्रीकृत रोजगार अधिसूचना (सीईएन आठ/2026) सोमवार को जारी कर मंगलवार से आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहली बार स्टेशन मास्टर पद को नॉन-टेक्निकल पापुलर कैटेगरीज (एनटीपीसी) से अलग किया गया है। इसके साथ ही न्यूनतम आयु सीमा 18 वर्ष से बढ़ाकर 20 वर्ष कर दी गई है।

आयु सीमा की गणना एक जनवरी 2027 के आधार पर होगी। अभ्यर्थी मंगलवार 27 अक्टूबर से 25 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। कुल 1265 पदों में अनारक्षित के 542, ओबीसी के 296, एससी के 176, ईडब्ल्यूएस के 147 और एसटी के 104 पद शामिल हैं। इसके अलावा पूर्व सैनिकों के लिए 133 पद आरक्षित हैं।

मुंबई बोर्ड के तहत सर्वाधिक भर्तियां निकाली गई हैं। मुंबई में तीनों ज़ोन (सीआर, एससीआर, डब्ल्यूआर) मिलाकर कुल 177 पद हैं, जिनमें केवल सेंट्रल रेलवे (सीआर) में ही 125 पद शामिल हैं। इसके बाद आरआरबी जम्मू-श्रीनगर में 122 पद, आरआरबी चेन्नई में 119 पद, तिरुवनंतपुरम में 114 पद तथा बेंगलुरु में 102 पदों पर भर्ती होगी।

आरआरबी प्रयागराज के अंतर्गत कुल 112 पदों पर चयन होगा, जिसमें उत्तर मध्य रेलवे (एनसीआर) के 104 पद और उत्तर रेलवे (एनआर) के 8 पद शामिल हैं। रिक्तियों के लिहाज से सबसे निचला पायदान आरआरबी मालदा का है, जहां मात्र चार पद (सभी एसटी वर्ग) विज्ञापित हैं। इसके अलावा आरआरबी कोलकाता के एसईआर ज़ोन और सिकंदराबाद के एससीआर ज़ोन में महज पांच-पांच पदों पर भर्ती होगी।

अन्य प्रमुख बोर्डों का हाल

गोरखपुर में 18, पटना में 17, रांची में 27 (ईसीआर 15 एसईआर 12), मुजफ्फरपुर में 14, अजमेर में 61 (एनडब्ल्यूआर 49 डब्ल्यूसीआर 12), भोपाल में 62 (डब्ल्यूसीआर 49 डब्ल्यूआर 13), बिलासपुर में 64 (एसईसीआर 52 सीआर 12), चंडीगढ़ में 28, गुवाहाटी में 37, सिलीगुड़ी में 26, भुवनेश्वर में 23 और अहमदाबाद में 31 पदों पर रिक्तियां घोषित की गई हैं।

यह भी पढ़ें- बंद रेलवे क्रासिंग पर मौत से खेल! 10 सेकेंड की जल्दबाजी पड़ रही भारी, आरपीएफ की लापरवाही से बढ़ रहे हादसे