यूपी में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में तेजी: ई-अधियाचन पोर्टल पर मुहर, 24000 से अधिक पदों पर की जाएगी नियुक्ति
उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को तेज और पारदर्शी बनाने के लिए ई-अधियाचन पोर्टल के यूजर एक्सेप्टेंस टेस्टिंग (यूएटी) पर ह ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, प्रयागराज। एडेड विद्यालयों, महाविद्यालयों और कुछ अन्य शिक्षण संस्थानों में शिक्षक भर्तियों की प्रक्रिया तेज और पारदर्शी बनाने की दिशा में उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है।
ई-अधियाचन पोर्टल के लिए यूजर एक्सेप्टेंस टेस्टिंग (यूएटी) पर माध्यमिक और उच्च शिक्षा विभाग के बाद अब शिक्षा सेवा चयन आयोग ने भी हस्ताक्षर कर उसे दो दिन पहले कार्मिक विभाग को भेज दिया। अब कार्मिक विभाग से हस्ताक्षर हो जाने के बाद उसे लाइव करने के लिए एनआईसी को भेज दिया जाएगा। ऐसे में शिक्षा सेवा चयन आयोग का पोर्टल अगले सप्ताह लाइव होने की उम्मीद है।
शिक्षा सेवा चयन आयोग के माध्यम से प्रदेश में बेसिक, एडेड माध्यमिक, एडेड महाविद्यालय सहित कुछ और संस्थानों में शिक्षक भर्तियां की जानी हैं। इन भर्तियों के लिए अधियाचन (रिक्तियों का प्रस्ताव) आनलाइन माध्यम से भेजने और प्राप्त करने के लिए ई-अधियाचन पोर्टल विकसित किया गया है।
ई-अधियाचन भेजने और प्राप्त करने वाले संस्थानों में सामूहिक रूप से अधियाचन भेजने का परीक्षण कर लिया है। इसमें जो कमियां सामने आईं थी, उसे एनआईसी ने दूर कर अंतिम रूप दे दिया है। इसके बाद अब यूजर एक्सेप्टेंस टेस्टिंग पर सहमति की प्रक्रिया अंतिम दौर में है।
कार्मिक विभाग की ओर से अंतिम स्वीकृति मिलने के बाद एनआईसी द्वारा पोर्टल को लाइव किया जाएगा। इसी के साथ संबंधित विभाग आनलाइन माध्यम से आयोग को अधियाचन भेज सकेंगे।
प्रथम चरण में उच्च शिक्षा की ओर से असिस्टेंट प्रोफेसर, प्राचार्य तथा माध्यमिक शिक्षा की ओर से प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी), प्रवक्ता संवर्ग (पीजीटी), प्रधानाचार्य, संबद्ध प्राइमरी में सहायक अध्यापक पदों को मिलाकर 24 हजार से ज्यादा रिक्तियों का अधियाचन आनलाइन भेजा जाएगा। इसी के साथ नई शिक्षक भर्तियों की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।