रामपुर : 800 करोड़ का महाठग कन्हैया गुलाटी रामपुर में भी कर गया 47 लाख की ठगी, FIR हुई दर्ज
800 करोड़ की धोखाधड़ी में वांछित कन्हैया गुलाटी ने रामपुर में एक प्रॉपर्टी डीलर से 47.75 लाख रुपये ठगे। निवेश ...और पढ़ें

HighLights
कन्हैया गुलाटी ने रामपुर में 47.75 लाख की ठगी की।
निवेश पर पांच प्रतिशत लाभांश का झांसा देकर ठगा।
एसपी के आदेश पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की।
जागरण संवाददाता, रामपुर। आठ सौ करोड़ की धोखाधड़ी में वांछित बरेली के महाठग और हिस्ट्रीशीटर घोषित कन्हैया गुलाटी ने रामपुर में भी प्रापर्टी डीलर गुलफाम को शिकार बनाया। करीब तीन वर्ष पहले अपनी कैनविज ग्रुप आफ कंपनी में निवेश के बदले हर महीने पांच प्रतिशत लाभांश का झांसा दिया। फिर 22वें महीने में मूलधन लौटाने का भी वादा किया।
धीरे-धीरे 47.75 लाख रुपये हथिया लिए और चंपत हो गया। एसपी के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने प्रकरण में जांच शुरू कर दी है। उसके विरुद्ध करीब 100 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। 75 हजार के इनामी के विरुद्ध कई मुकदमों की जांच आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) भी कर रही है। उसके व परिवार के विरुद्ध लुकआउट सर्कुलर भी जारी है।
ऐसे बिछाया जाल
गुलफाम ने पुलिस को बताया कि नवंबर, 2023 में उसकी मुलाकात कैनविज ग्रुप आफ कंपनी के कुछ पदाधिकारियों से हुई थी। उन्होंने कंपनी के सर्वेसर्वा कन्हैया गुलाटी से मिलवाया। उसने कंपनी की अच्छी स्थिति के कोरे आंकड़े दिखाए और कंपनी में 20 महीने निवेश के बदले हर महीने पांच प्रतिशत लाभांश का वादा किया। यह भी बताया कि चाहने पर एक महीने रकम रोककर कंपनी 22वें महीने में जमा मूलधन भी वापस मिल जाएगी।
झांसे में आकर उसने जनवरी, 2024 से मई, 2025 के बीच 11 किश्तों में 47 लाख 75 हजार रुपये जमा किए। इसके बदले उसके खाते में नाममात्र का ही लाभांश आया। बात की तो कंपनी पदाधिकारियों ने अलग-अलग बहाने बनाकर टालमटोल की। बरेली स्थित कार्यालय में मूलधन मांगने पहुंचे तो ताला मिला। तीन सितंबर को रामपुर कोतवाली में शिकायत की।
यह भी पढ़ें- राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ा यूपी का कद: भाजयुमो की नई टीम में बड़े पदों पर प्रदेश के चेहरों को मिली जगह
प्राथमिकी दर्ज न होने पर एसपी से गुहार लगाई। एसपी के आदेश पर 20 अक्टूबर को पुलिस ने कन्हैया गुलाटी समेत नौ आरोपितों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।
