विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रामपुर: मोहम्मद शरीफ के हत्यारों की तलाश में लगाई गईं पुलिस की 6 टीमें, खंगाले जा रहे CCTV कैमरे

Published: Wed, 11 Nov 2026 05:38 AM (GMT+05:30)

आतंकी हमले से बरी हुए मोहम्मद शरीफ की रामपुर में हत्या कर दी गई है। पुलिस ने हत्यारों की तलाश ...और पढ़ें

बिलासपुर सीएचसी में जांच पड़ताल करते प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह और मृतक मुहम्मद शरीफ का फाइल फोटो

बिलासपुर सीएचसी में जांच पड़ताल करते प्रभारी निरीक्षक जीत सिंह और मृतक मुहम्मद शरीफ का फाइल फोटो

HighLights

  1. आतंकी हमले से बरी मोहम्मद शरीफ की रामपुर में हत्या।

  2. हत्यारों की तलाश में पुलिस की छह टीमें गठित।

  3. मृतक के भाई ने पुलिस की भूमिका पर उठाए गंभीर सवाल।

जागरण संवाददाता, रामपुर। आतंकी हमले से बरी हुए मोहम्मद शरीफ उर्फ सुहेल की हत्या पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती बन गई है। हत्या की गूंज शासन स्तर तक पहुंच चुकी है। हत्यारों को पकड़ने में देरी पुलिस के लिए किरकिरी बन जाएगी। जल्द से जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छह टीमें लगाई गई हैं। इनमें एसओजी और सर्विलांस भी शामिल हैं।

हत्या की इस वारदात में पुलिस की भूमिका पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। मृतक के भाई शाइन ने आरोप लगाया है कि पुलिस बार-बार फोन करके भाई को थाने बुला रही थी। थाने से निकलने के बाद ही भाई की हत्या कर दी गई। इसमें थाने वालों की क्या साजिश थी? क्यों उसके भाई को बार-बार बुलाया जा रहा था? भाई के गोली लगने के बाद भी पुलिस ने आकर नहीं देखा। हमें अस्पताल भी नहीं ले जाने दिया। थाना पुलिस पर लगे इन आरोपों को भी अधिकारी गंभीरता से लेकर जांच कर रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक अनिल सिंह सिसौदिया ने बताया कि मृतक के बेटे की ओर से प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हत्यारों की धरपकड़ को छह टीमें गठित की हैं। फारेंसिक टीम और फील्ड यूनिट की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य संकलन कर लिया है।

आसपास लगे सीसी कैमरों को खंगाला जा रहा है। हत्या की घटना खजुरिया थाना क्षेत्र की है। इस घटना के पर्दाफाश के लिए थाने की चार टीमें लगाई हैं। इसके साथ ही एसओजी और सर्विलांस को भी लगाया गया है। मृतक के बारे में स्वजन व आसपास के लोगों से जानकारी की गई है। अभी तक मृतक के किसी से रंजिश या अन्य किसी तरह के विवाद की बात सामने नहीं आई है।

खेती किसानी के साथ ही स्वजन के साथ घर में ही गुजार रहा था जिंदगी

खजुरिया थाना क्षेत्र के गांव बदनपुरी में मोहम्मद शरीफ की हत्या ग्रामीणों के बीच चर्चा का विषय बन गई है। ग्रामीणों का कहना है कि एक वर्ष पहले जेल से छूटने के बाद मोहम्मद शरीफ के व्यवहार में काफी बदलाव आ गया था। वह पहले की तरह लोगों के बीच उठने-बैठने के बजाय खुद को सामाजिक गतिविधियों से दूर रखने लगे थे।

उन्होंने विवादों से पूरी तरह दूरी बना ली थी। ज्यादातर समय अपने स्वजन के साथ घर पर ही बिताते थे और शांतिपूर्वक जीवन गुजार रहे थे। ग्रामीणों का कहना है कि जेल से रिहा होने के बाद शरीफ ने लोगों से मेलजोल भी काफी कम कर दिया था। गांव में किसी से बेवजह बातचीत या विवाद में पड़ने से बचते थे। उनके इस बदले हुए व्यवहार को देखकर ग्रामीणों को भी यही लगता था कि अब वह सामान्य जीवन जीना चाहते हैं।

इसके अलावा वह खेती किसानी से ही अपने परिवार का भरण पोषण करता था। बताया जाता है कि सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर पर हुए आतंकी हमले के मामले में उन्हें जेल जाना पड़ा था। लंबे समय तक कानूनी प्रक्रिया से गुजरने के बाद हाईकोर्ट ने उन्हें मामले में बरी कर दिया था। इसके बाद वह अपने गांव बदनपुरी लौट आए थे।

ग्रामीणों के मुताबिक, गांव वापस आने के बाद उन्होंने किसी तरह के विवाद में पड़ने के बजाय परिवार के साथ रहने को ही प्राथमिकता दी। ऐसे में मंगलवार देर शाम बाइक सवार दो लोगों द्वारा गोली मारकर उनकी हत्या किए जाने की घटना से गांव के लोग स्तब्ध हैं।

ग्रामीणों के बीच यह चर्चा भी है कि जब शरीफ ने विवादों से दूरी बना ली थी और शांतिपूर्वक जीवन बिता रहे थे, तो आखिर किस रंजिश के चलते उनकी हत्या की गई। हालांकि, हत्या के पीछे की असली वजह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- रामपुर आतंकी हमले के मामले में बरी हुए मोहम्मद शरीफ की गोली मारकर हत्या, बाइक सवार हमलावरों ने दिया वारदात को अंजाम

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।