शाहजहांपुर में अवैध शराब का विरोध करने पर युवक की लाठियों से पीटकर हत्या, गांव में तनाव
शाहजहांपुर के सहवेगपुर गांव में अवैध शराब बिक्री का विरोध करने पर एक युवक सुरेंद्र की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी गई। इस घटना में उनका भाई अमरपाल भी ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक इमेज
HighLights
तिलहर के सहवेगपुर गांव में हुई गुरुवार रात घटना, ग्राम प्रशासक के पति पर लगाया आरोप
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। अवैध शराब की बिक्री का विरोध करने से बौखलाए लोगों ने सहवेगपुर गांव निवासी सुरेंद्र को गुरुवार रात घेर लिया। उनकी लाठियों से पीटकर हत्या कर दी। बांके से भी प्रहार किए। भाई अमरपाल ने बचाने का प्रयास किया तो उन्हें भी पीटकर मरणासन्न कर दिया।
स्वजन ने ग्राम प्रशासक देवंती के पति सुरेंद्र व उसके परिवार वालों पर हत्या का आरोप लगाते हुए मेडिकल कालेज में हंगामा किया। पुलिस से भी नोकझोंक हुई। एसपी सौरभ दीक्षित ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत किया।
सहवेगपुर निवासी सोनपाल ने बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाली सुदामा देवी के पति का निधन हो चुका है। वह अवैध शराब बेचने का काम करती है। अंग्रेजी शराब भी ओवररेट पर बेचती है। जिसका भाई सुरेंद्र कुमार विरोध करते थे।
अमरपाल का आरोप है कि ग्राम प्रशासक देवंती का पति सुरेंद्र रिश्तेदार होने के नाते महिला का पक्ष लेता था। उसका कहना था कि शराब बिकती रहेगी, जिस पर दोनों के बीच कई बार नोकझोंक भी हुई।
गुरुवार रात सुरेंद्र कुमार घर के पास थे, तभी सुरेंद्र व उसके परिवार के लोग आ गए। उन लोगों ने भाई को घेर लिया। कहा कि शराब की बिक्री बंद कराओगे, जब भाई ने विरोध किया तो उन लोगों ने लाठियों व बांके से प्रहार शुरू कर दिए।
दूसरे भाई अमरपाल बचाने पहुंचे तो उन्हें भी जमकर पीटा। परिवार से लोग चीख पुकार सुनकर पहुंचे तो आरोपित भाग निकले। दोनों घायलों को मेडिकल कालेज लाया गया, जहां सुरेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया गया। अमरपाल का उपचार चल रहा है।
खबरें और भी
सुरेंद्र कुमार के स्वजन ने हंगामा किया तो वहां मौजूद एएसपी ग्रामीण दिक्षा भंवरे ने समझाने की कोशिश की, जिस पर नोकझोंक भी हुई। एसपी सौरभ दीक्षित ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। सुरेंद्र मजदूरी करके परिवार का पालन कर रहे थे।