शामली: प्रेमी का मर्डर करने आए बदमाशों ने दूसरे युवक को गोली मारी, मौत
Shamli News: कैराना के तितरवाड़ा गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक की हत्या करने आए बदमाशों को ग्रामीणों ...और पढ़ें

मृतक की फाइल फोटो।
HighLights
प्रेम प्रसंग में हत्या करने आए बदमाशों को ग्रामीणों ने घेरा।
बदमाशों की गोली से तसव्वर की मौत, दो आरोपी गिरफ्तार।
पिस्टल, तमंचा और बिना नंबर की बाइक बरामद की गई।
संवाद सूत्र, कैराना (शामली)। गांव तितरवाड़ा में सोमवार रात प्रेम प्रसंग के चलते युवक की हत्या करने पहुंचे बदमाशों को ग्रामीणों ने घेर लिया। इस दौरान बदमाशों ने एक अन्य युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए दो बदमाशों को मौके पर ही दबोच लिया और जमकर पिटाई की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों को बचाया।
आरोपितों से पिस्टल, तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद हुई है। वहीं, फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है।
कैराना थानाक्षेत्र के गांव तितरवाड़ा में पहुंचे थे बदमाश
सोमवार रात करीब 10 बजे गांव तितरवाड़ा में नकाबपोश युवकों की संदिग्ध गतिविधियां देखकर ग्रामीणों को शक हुआ। पूछताछ करने पर युवक भागने लगे। ग्रामीणों ने उनका पीछा किया, तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। इस दौरान ईदगाह के पास चली बदमाशों की गोली 35 वर्षीय तसव्वर के पेट में जा लगी। वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। घटना से गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने घटना के बावजूद पीछा कर दो बदमाशों को पकड़ लिया और उनकी जमकर धुनाई कर दी।
दो बदमाशों को ग्रामीणों ने दबोचा
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की पकड़ में आए दोनों बदमाशों को छुड़ाया और हिरासत में ले लिया। उनकी पहचान मुबारिक निवासी बापौली पानीपत व सोनिज निवासी गांव मंडावर कैराना के रूप में हुई। दोनों घायल अवस्था में थे, जिनका पुलिस द्वारा मेडिकल कराया गया। उधर, गंभीर रूप से घायल तसव्वर को शामली जिला चिकित्सालय से रेफर कर दिया। मंगलवार सुबह करीब चार बजे हायर सेंटर ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
आरोपितों के कब्जे से पिस्टल-तमंचा समेत बाइक बरामद
मृतक के भाई सनव्वर की तहरीर पर पुलिस ने सोनिज व मुबारिक के अलावा बिलाल उर्फ बिल्लू निवासी मंसूरा थाना झिंझाना और गौरव निवासी ऊंचागांव कैराना को नामजद करते हुए कई अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया। घटना के समय मुकदमा जानलेवा हमले की धारा में दर्ज किया गया था, लेकिन तसव्वर की मौत के बाद पुलिस ने मुकदमे को हत्या की धारा में तरमीम कर दिया।
फरार की तलाश में जुटी शामली पुलिस
कोतवाली प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार किए गए मुबारिक के कब्जे से तमंचा व कारतूस और सोनिज से पिस्टल बरामद हुई है। बिना नंबर की बाइक भी कब्जे में ली गई हैं। वहीं, तसव्वर के चार बच्चे थे।
यह भी पढ़ें- Janmashtami 2026: दो साल बाद श्रीकृष्ण जन्मस्थान और केशवदेव मंदिर में एक ही दिन मनेगी जन्माष्टमी
एएसपी ने दी जानकारी
एएसपी सुमित शुक्ला ने बताया कि जांच में सामने आया कि बिलाल उर्फ बिल्लू की पत्नी का गांव के सद्दाम के साथ प्रेम प्रसंग था। इसी को लेकर सद्दाम की हत्या की योजना बनाई गई थी और बदमाश उसे निशाना बनाने पहुंचे थे, लेकिन ग्रामीणों के विरोध और पीछा करने के दौरान की गई फायरिंग में तसव्वर को गोली लग गई।
पुलिस के मुताबिक तसव्वर के खिलाफ लूट समेत आठ मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। फरार आरोपितों की तलाश में पुलिस टीमों को लगाया गया है।
यह भी पढ़ें- आगरा में चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में रेलवे के JE के दोनों पैर कटे, 10 मिनट तड़पते रहे; मौत
